अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। मेयर गौतम सरदाना ने शनिवार को नगर निगम के अधिकारियों के साथ शौचालय और पार्कों का निरीक्षण किया। वार्ड नंबर 19 के आजाद नगर की साकेत कालोनी में पांच एकड़ में बन रहे पार्क में लाल मिट्टी के साथ मिस्त्री को टाइल लगाते देखकर मेयर हैरान रह गए। उन्होंने अधिकारियों से इस बारे में पूछा तो बताया गया कि इस लाल मिट्टी का प्रयोग ऐसे नहीं किया जा सकता है।
इस पर मेयर ने ठेकेदार की पेमेंट रोकते हुए अधिकारियों से पार्क के टेंडर और वर्क ऑर्डर संबंधी फाइल मंगवा ली है। वहीं उन्होंने अधिकारियों से भी इस संबंध में जवाब मांगा है। इस दौरान वार्ड नंबर 19 के पार्षद नरेंद्र शर्मा, निगम के एसई रामजीलाल, एक्सईएन एचके शर्मा, एमई प्रवीण वर्मा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
बोले, मैं आ गया तो ठीक, नहीं तो खराब रहेंगे शौचालय
मेयर गौतम सरदाना ने पीएलए कम्यूनिटी सेंटर के शौचालय का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें बताया गया कि शौचालय की बदहाली के कारण यह प्रयोग में ही नहीं किया जा सकता है। इस पर मेयर ने साथ खड़े स्वच्छता शाखा के अधिकारी से कहा तो उन्होंने जवाब दिया कि इसको अब ठीक करवा देते हैं। मेयर ने पलटवार करते हुए कहा कि मैं आ गया तो ठीक करवा दोगे, वरना शौचालय खराब रहेंगे। ऐसी स्थिति को बदलने की जरूरत है। शहर के प्रत्येक शौचालय की नियमित रूप से जांच करवाई जाए और जिसमें भी सुधार की जरूरत है, वहां तत्काल सुधार करवाएं।
एक एसआई की लगेगी शौचालयों की निगरानी की जिम्मेदारी
मेयर गौतम सरदाना ने कहा कि शहर के सभी शौचालयों की निगरानी के लिए नगर निगम की स्वच्छता शाखा के एक सेनेटरी इंस्पेक्टर की जिम्मेदारी लगाई जाएगी। प्रत्येक शौचालय में सुविधाओं की जानकारी लेना उक्त सेनेटरी इंस्पेक्टर का काम होगा। अगर कहीं खामियां मिलेंगी तो संबंधित एसआई पर कार्रवाई की जाएगी।