अमर उजाला ब्यूरो
कुछ दिनों से मौसम में बदलाव आ रहा है। हालांकि तापमान सामान्य के आसपास चल रहा है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा, जबकि अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री रहा, जो सामान्य बना हुआ है। शनिवार को 1.8 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ठंडी पूर्वी हवाएं चलीं।
दिन के समय में ठंड में काफी कमी दिखाई दे रही है, लेकिन सुबह और देर रात कोहरे का प्रभाव अभी बरकरार है। हिसार-चंडीगढ़ हाईवे पर सुबह 7:30-8:00 बजे तक कोहरे के कारण दृश्यता 100 मीटर तक रही। दूसरी लोकल रूटों पर कहीं-कहीं दृश्यता 50 से 100 मीटर रही। सुबह तेज धूप खिलने के कारण भी लोगों को ठंड का अहसास कम हो रहा है, लेकिन सुबह-शाम की ठंड ज्यों की त्यों बनी हुई है। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अनुसार रविवार को कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी से मौसम में बदलाव संभव है और धुंध व तापमान में गिरावट आ सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण रविवार को बादल छाए रहने और राज्य के उत्तर व पश्चिमी भाग में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण रविवार को उत्तर व पश्चिमी हरियाणा में कहीं-कहीं हवाओं के साथ बूंदाबांदी की संभावना है। रविवार के बाद कोहरे धुंध तथा तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
- डॉ. एमएल खीचड़, विभागाध्यक्ष, कृषि मौसम विज्ञान विभाग, एचएयू, हिसार।