अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सीएम मनोहर लाल ने घोषणा की चौकीदारों को वेतन 3500 रुपये से बढ़ाकर 7000 रुपये करने का एलान किया। चौकीदारों को साइकिल देने, बैट्री, लाठी और वर्दी भत्ता बढ़ाने की घोषणा की। सीएम का पगड़ी पहनाकर अभिनंदन करने वाले प्रदेश अध्यक्ष सतबीर सिंह, उपप्रधान हरदयाल सिंह, मुख्य सलाहकार चैन सिंह ने सम्मेलन के बाद सीएम की घोषणाओं से नाखुशी जाहिर करते हुए विरोध जताया।
सीएम ने सोमवार को महाबीर स्टेडियम में आयोजित राज्यस्तरीय चौकीदार सम्मेलन में संबोधित किया। सीएम ने कहा कि एक अप्रैल से चौकीदारों को 3500 के स्थान पर 7000 रुपये वेतन मिलेगा। वर्दी भत्ते के रूप में मिलने वाली राशि को भी दो हजार से बढ़ाकर ढाई हजार रुपये, लाठी और बैट्री आदि के लिए मिलने वाले 750 रुपये के भत्ते को बढ़ाकर 1000 रुपये करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगले तीन महीने के अंदर प्रत्येक चौकीदार को एक-एक साइकिल भी दी जाएगी। 2014 से 2017 के बीच कागजों में हटाए गए थे, लेकिन अपना काम करते रहे, उन चौकीदारों को पूरा वेतन दिया जाएगा। चौकीदार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सतबीर सिंह ने सम्मेलन में पहुंचने पर सीएम का पगड़ी पहनाकर अभिनंदन किया। सम्मेलन के बाद इन लोगों ने विरोध जताया कि सीएम ने अपना वादा पूरा नहीं किया। सीएम ने वेतन 10250 रुपये करने का एलान किया था। इस मांग को पूरा नहीं किया, जिस कारण चौकीदार वर्ग खुुश नहीं। अपनी मांगों को पूरा कराने के लिए आंदोलन करेंगे। सम्मेलन में वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु, कृषि मंत्री ओपी धनखड़, परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार, जन स्वास्थ्य मंत्री बनवारीलाल, हिसार विधायक डॉ. कमल गुप्ता मौजूद रहे।