हिसार (ब्यूरो)। न्यायिक दंडाधिकारी मुकेश कुमार की अदालत में वीरवार को सतलोक आश्रम प्रकरण के सिलिंडरों से जुड़े मुकदमे में सुनवाई हुई। आश्रम संचालक आरोपी रामपाल की पेशी वीसी के जरिये हुई। अब मामले में अगली सुनवाई एक मार्च को होगी। बरवाला थाने में सात केस दर्ज हुए थे। इनमें से दो केस में रामपाल बरी हो चुका है। वीरवार को अभियोग नंबर 443 में सुनवाई हुई। आरोपी रामपाल पर आश्रम में निर्धारित संख्या से ज्यादा सिलिंडर रखे जाने का आरोप है। अदालत ने इस मामले में अगली सुनवाई के लिए एक मार्च की तारीख निर्धारित की। वहीं धार्मिक भावनाएं भड़काने के मामले में अदालत में शुक्रवार को सुनवाई होगी। इस मुकदमे की सुनवाई को लेकर आरोपी रामपाल के काफी समर्थक बाहर से हिसार पहुंचे थे। वे गंगवा रोड पर नहर किनारे और टाउन पार्क के पास दिखे। दोपहर बाद उनकी भीड़ कम होती चली गई।