अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
बाडो पट्टी टोल प्लाजा शुरू होने के साथ ही टोल नाके के नजदीक लगते गांवों के लोगों ने मय्यड़ टोल प्लाजा की तर्ज पर सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर भ्याण खाप ने महापंचायत बुलाई। महापंचायत रविवार को बिछपड़ी गांव के पंचायत भवन में हुई। पंचायत की अध्यक्षता बिछपड़ी गांव के पूर्व सरपंच बलदेव सिंह भ्याण ने की। भ्याण ने कहा कि बाडो पट्टी टोल प्लाजा शुरू कर दिया गया, लेकिन टोल नाके के नजदीक लगते गांवों के लोगों की सुविधा के नाम पर कुछ भी नहीं है। बुगाना गांव के पूर्व सरपंच दीपक सूरा ने कहा कि जिस तरह से मय्यड़ टोल प्लाजा पर सुविधा उपलब्ध है, उसी ढंग से बाडो पट्टी के टोल पर लोगों को सारी सुविधा उपलब्ध मिलनी चाहिए। वहीं बुगाना गांव के पूर्व सरपंच दीपक सूरा ने कहा कि बाडो पट्टी टोल के अंतर्गत आने वाले गांवों के लोगों को मय्यड़ टोल की तर्ज पर सुविधा उपलब्ध कराई जाए। महापंचायत में अल्टीमेटम दिया कि अगर 17 सितंबर तक उनकी मांग को पूरा नहीं किया तो खाप धरना प्रदर्शन करेगी। वही पंचायत के लोगों ने टोल अधिकारियों को लिखित रूप में शिकायत भी दी। इसके अलावा भ्याण खाप के पदाधिकारी सोमवार को डीसी से मिलकर शिकायत करेंगे। इस दौरान आस-पड़ोस के खेदड़, सरसौद, बुगाना, सुलखनी सहित कई गांवों के सरपंच मौजूद थे।
10 किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों को मिले नि:शुल्क पास की सुविधा
भ्याण खाप के प्रेस प्रवक्ता बलवान सुंडा का कहना है कि अगर टोल प्लाजा के अधिकारियों ने 17 सितंबर तक उनकी मांग नहीं मानी तो खाप आंदोलन के लिए मजबूर होगी। सुंडा ने कहा कि 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों के लोगों के लिए पास बनाने का नियम पूरी तरह गलत है। यह नियम लागू करना है तो 20 किलोमीटर दूर के एरिया में जो गांव आते हैं, उनके लिए करें। हमें तो आईडी कार्ड से सुविधा उपलब्ध करवाई जाएं।