फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मौसम ने लिया यू टर्न, 4 डिग्री गिरा पारा, गुलाबी ठंड ने कराया अहसास

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

हिसार। मौसम ने मंगलवार-बुधवार की रात अचानक यू टर्न लिया और हल्की बूंदाबांदी से ठंड बढ़ गई। रात करीब दो बजे शहर में हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि जिले के हांसी और नारनौंद क्षेत्र में कुछ देर तक बरसात हुई। बूंदाबांदी के बाद चली तेज हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। दूसरी ओर नारनौंद क्षेत्र में बरसात के दौरान कंडूल गांव में एक मकान पर बिजली गिरने का भी समाचार है। हालांकि इससे कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन मकान में दरारें पड़ गई।
मंगलवार दोपहर से बीच-बीच में हल्के बादल छा रहे थे, हालांकि दिनभर मौसम साफ रहा, लेकिन रात करीब दो बजे हिसार क्षेत्र में बूंदाबांदी और नारनौंद व हांसी क्षेत्र में करीब एक बजे बरसात हुई। इसी प्रकार बरवाला में भी आधी रात हल्की बरसात हुई। बूंदाबांदी से तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड बढ़ गई और बुधवार से ही तेज ठंडी हवाओं ने लोगों को घरों में ही दुबके रहने पर मजबूर किया। दुपहिया वाहन चालकों की भी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर का न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस, जबकि अधिकतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों ने ठंडी हवा जारी रहने के साथ ठिठुरन बढ़ने की संभावना जताई है।
विज्ञापन

हीटर चले, अलाव भी जलानी पड़ी
सुबह से ठंड का इस कदर असर था कि अभी तक अलमारी में ही रखे हीटर बुधवार को बाहर निकालने पड़े। इसके अलावा अलाव भी जलाकर ठंड से बचना पड़ा। खासकर दुकानदार और बाहरी स्थानों पर रेहड़ियां आदि लगाने वाले अलाव जलाकर ही ठंड से बचते नजर आए। दिसंबर महीने के 10 दिन बीतने पर भी पहले मौसम में गर्मी थी। सिर्फ सुबह और शाम को ही कुछ ठंड महसूस हो रही थी, मगर बुधवार को अचानक मौसम में बदलाव हुआ और दिन भर लोग गर्म कपड़ों में ही रहे।
बच्चों और बुजुर्गों का रखें विशेष ध्यान : चाइल्ड स्पेशलिस्ट
चाइल्ड स्पेशलिस्ट डॉ. प्रदीप कंसल ने कहा कि मौसम में जो बदलाव आया है, उससे सर्दी, खांसी जैसी बीमारियों का भी खतरा पैदा होता है। इसमें विशेष ख्याल रखने की जरूरत होती है। खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों का इस अचानक आने वाली ठंड में विशेष ध्यान देने की जरूरत है। बच्चों और बुजुर्गों को गर्म कपड़े पहनाने चाहिए। हो सके तो ठंड पर बाहर नहीं निकलना चाहिए, लेकिन निकलें तो गर्म कपड़ों के साथ बाहर जाएं। धूप निकलने पर वहां बैठें तो भी कुछ ओढ़कर बैठना चाहिए। यदि तेज हवा चल रही है तो उससे पूरी तरह बचना चाहिए। बच्चों का सिर ढक कर रखें, क्योंकि सिर के जरिये ठंड लगने का खतरा सबसे ज्यादा होता है।
फसलों को होगा फायदा : एडीओ
कृषि विभाग में एडीओ डॉ. राजीव भाटिया ने बताया कि बरसात से फसलों को फायदा होगा। हालांकि हिसार में इतनी बरसात नहीं हुई है, लेकिन कुछ क्षेत्रों में जहां बरसात हुई है, वहां गेहूं, सरसों, चना, जौं और सब्जियों की फसल को फायदा होगा। उन्होंने बताया कि ठंड बढ़ने से पैदावार बढ़ती है, लेकिन आगे जब पाला पड़ने की स्थिति आएगी तब चौड़े पत्ते वाली फसलों या सब्जियों को नुकसान होता है।
विज्ञापन


अब सुबह और शाम धुंध भी आएगी
10 से 12 दिसंबर के बीच बूंदाबांदी के बारे में विभाग द्वारा पहले ही बताया गया था। पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव हुआ है। वीरवार से मौसम साफ रहेगा। बीच-बीच में हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन उसके बाद से मौसम लगातार कई दिन तक साफ रहेगा। उसके बाद ठंड बढ़ेगी और मौसम में धुंध का प्रभाव भी दिखाई देने लगेगा।
-डॉ. राजसिंह, अध्यक्ष मौसम विज्ञान विभाग, हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें