हिसार। केंद्रीय इस्पात मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा कि आज का दिन देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। देश के 129 जिलों में एक साथ शहरी गैस वितरण परियोजना का शिलान्यास हो रहा है। इस परियोजना से जनता के खर्च में कटौती और आमदनी में बढ़ोतरी तो होगी ही, साथ ही स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में यह भारत की एक लंबी छलांग होगी। बीरेंद्र सिंह वीरवार को लघु सचिवालय के जिला सभागार में शहरी गैस वितरण परियोजना के शिलान्यास अवसर पर बतौर मुख्यातिथि उपस्थित जन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर विधायक व हरियाणा ब्यूरो ऑफ पब्लिक इंटरप्राइजेज के चेयरमैन डॉ. कमल गुप्ता, उपायुक्त अशोक कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक शिव चरण, कंसोर्टियम ऑफ हरियाणा सिटी गैस कपिल चोपड़ा इंटरप्राइज एंड रति चोपड़ा के उपाध्यक्ष अमिताभ रंजन भी मौजूद थे।
इस अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दिल्ली के विज्ञान भवन से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। केंद्रीय इस्पात मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा कि बदलते परिदृश्य में मुख्य मुद्दा यह है कि विकास किस तेजी से करवाया जा रहा है। आज देश विकास की धीमी गति को बर्दाश्त नहीं कर सकता है। यदि हमें दुनिया की महाशक्ति बनना है तो अपनी गति को तेज करना होगा और जीवन जीने का नया तरीका सीखना होगा। साथ ही पर्यावरण की शुद्धता व संरक्षण की दिशा में भी अपना योगदान देना होगा। इन दोनों पहलुओं को शहरी गैस वितरण परियोजना सार्थक करेगी। उन्होंने जिला वासियों को इस परियोजना के लिए बधाई देते हुए कहा कि देखा जाए तो यह योजना आज से 20 साल पहले लागू हो जानी चाहिए थी।
2.5 लाख घरों तक जाएगी पाइपलाइन
इस परियोजना से हिसार के 2.5 लाख घरों तक पाइप लाइन के माध्यम से गैस पहुंचाई जाएगी। इसके अलावा वाहनों के लिए सीएनजी फिलिंग स्टेशन खोले जाएंगे। इससे उन्हें डीजल के मुकाबले 46 प्रतिशत व पेट्रोल के मुकाबले 60 प्रतिशत सस्ता ईंधन मिलेगा।
दूसरी सरकार होती तो 34 करोड़ खाते खोलने में 34 साल लग जाते
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने 34 महीने में 34 करोड़ बैंक खाते खोले। कोई अन्य सरकार होती तो हो सकता है इस कार्य को करने में 34 साल लग जाते। अगले 10-15 सालों में सौर ऊर्जा अन्य ऊर्जा स्रोतों को पार कर जाएगी। केंद्र सरकार ने सौर ऊर्जा से 1 लाख मेगावाट उत्पादन का लक्ष्य रखते हुए जब आवेदन मांगे तो 3 लाख से अधिक आ गए। उस समय प्रति यूनिट सौर ऊर्जा का खर्च 24 रुपये था, जो आज घटकर थर्मल पावर प्लांट से भी कम कीमत पर उपलब्ध है।
तेज गति से विकास कर रहा देश : डॉ. गुप्ता
विधायक व हरियाणा ब्यूरो ऑफ पब्लिक इंटरप्राइजेज के चेयरमैन डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज हमारा देश तेज गति से विकास कर रहा है। उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का स्वागत करते हुए जानकारी दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला में यह परियोजना जल्द शुरू होगी ताकि आमजन को इसका लाभ मिलना शुरू हो सके।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अमरजीत सिंह मान, नगर निगम आयुक्त अशोक कुमार बंसल, सीटीएम शालिनी चेतल, एसडीएम परमजीत सिंह, हरियाणा सिटी गैस के कपिल सोनी व विकास शर्मा, भाजपा जिला महामंत्री सुजीत कुमार, लक्ष्मीनारायण उर्फ घोलू गुर्जर, सुनीता रेड्ढू व सुरेश गोयल धूपवाला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।
800 करोड़ रुपये आएगी लागत
हरियाणा सिटी गैस कपिल चोपड़ा इंटरप्राइज एंड रति चोपड़ा के उपाध्यक्ष अमिताभ रंजन ने भी अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि इस योजना के तहत अगले छह माह में पाइप लाइन डालने का कार्य शुरू किया जाएगा। इस परियोजना की लागत 800 करोड़ रुपये है और इसके माध्यम से 2.5 लाख घरों तक पाइपलाइन से गैस की आपूर्ति व वाहनों के लिए सीएनजी फिलिंग स्टेशनों की शुरुआत होगी।