हिसार। अर्बन इस्टेट में गंदे पानी की आपूर्ति में हुए सुधार का सच जानने के लिए हुडा प्रशासक दिनेश यादव रविवार को अर्बन इस्टेट पहुंचे। हुडा प्रशासक ने कई घरों में जाकर खुद पानी की जांच की। प्रशासक ने खुद पानी पीकर चेक किया।
हुडा प्रशासक दिनेश यादव ने रविवार को सेक्टर-13 पहुंचे। हुडा की सीवरेज की लीकेज लाइन को दुरुस्त किए गए कार्य को जांचा। इसके बाद दिल्ली रोड पर सीवरेज ओवरफ्लो के बाद के हालातों को जांचा। हुडा प्रशासक ने अर्बन इस्टेट में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष केएल रिणवा के आवास के पास मकान में जाकर सप्लाई का पानी मंगवाया। उन्होंने पानी को चेक किया। इसके बाद विश्वास स्कूल की लाइन में पानी को जांचा। हुडा स्टाफ क्वाटर कॉलोनी में भी पानी को पीकर चेक किया। मकान नंबर 1485 के पास लीकेज कनेक्शन वाले घरों में जाकर मकान मालिकों को दो दिन में पानी कनेक्शन बदलने के निर्देश दिए। प्रशासक ने कहा कि दो दिन में कनेक्शन नहीं बदले तो कनेक्शन काट दिए जाएंगे। इन कनेक्शन की लीकेज के कारण पूरे अर्बन इस्टेट में दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। हुडा संपदा अधिकारी सुमित कुमार, हुडा के पेयजल एक्सईएन पवन वर्मा, एसडीओ सतीश कुमार, जेई धर्मबीर सिंह, एक्सईएन सीवरेज दलबीर नैन सहित अन्य अधिकारी भी शामिल थे।
48 घंटे में बदलो कनेक्शन
हुडा की पेयजल विभाग की टीम को रविवार को भी दो गले हुए कनेक्शन मिले। इन मकान मालिकों को भी नोटिस दिए गए हैं। इसमें पानी के कनेक्शन को बदलने के लिए 48 घंटे का समय दिया है। अगर कनेक्शन नहीं बदले तो हुडा इन कनेक्शन को बंद देगा। मकान मालिकों पर हुडा एक्ट के हिसाब से दूसरी कार्रवाई भी करेंगे।
हाउस टू हाउस सर्वे के बाद नोटिस
हुडा की ओर से सोमवार से हाउस टू हाउस सर्वे किया जाएगा। सभी मकान मालिकों को पुराने कनेक्शन के बारे में नोटिस दिया जाएगा। हुडा की ओर से पानी के सैंपल भी लिए जाएंगे। जिसे लैब में टेस्ट कराने के बाद रिपोर्ट देखी जाएगी।