अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
जन स्वास्थ्य एवं आभियांत्रिकी मंत्री डॉ. बनवारी लाल दोपहर बाद हिसार पहुंचे। उन्होंने सोमवार को होने वाली जन परिवाद समिति की बैठक में रखी जाने वाली 16 शिकायतों को लेकर पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में अधिकारियों से फीडबैक लिया। इस दौरान आसपास के क्षेत्रों से आई कई पंचायतों और लोगों ने उनसे पेयजल किल्लत को लेकर शिकायत भी की। लोगों ने कहा कि अधिकारी ढाणियों में पानी का कनेक्शन नहीं दे रहे। जब मंत्री ने एक्सईएन केके गिल से कारण पूछा तो एक्सईएन ने बताया कि ढाणी में कनेक्शन देने का नियम नहीं है। पास में बैठे भाजपा कार्यकर्ता बोले कि पहले वाली ढाणियों में कैसे कनेक्शन दे दिए गए। एक्सईएन ने कहा कि पहले कैसे दिए गए, इसकी जानकारी नहीं, लेकिन अब सरकार के आदेश नहीं हैं। इस पर मंत्री को बताया गया कि अधिकारी ठीक से काम नहीं कर रहे, जिससे लोगों की समस्या दूर नहीं हो रही। इसके बाद लोगों को असंतुष्ट होकर ही जाना पड़ा।
एक्सईएन से बोले, अगली बार मौके पर जाकर देखूंगा
सबसे पहले आजाद नगर निवासी जसवंत, रमेश, उदयवीर आदि मंत्री से मिले। उन्होंने मंत्री को बताया कि उनके क्षेत्र में पानी नहीं आ रहा है। कभी-कभी ही सप्लाई दी जाती है। मंत्री ने एक्सईएन जसवंत सिंह से पूछा तो वे बोले कि पूरा पानी दे रहे हैं। नहर बंद होने के कारण कुछ दिक्कत आई थी। मगर अब नहर आ चुकी है। लोग बोले, अधिकारी की बात सही नहीं है, चाहे मौके पर जाकर देख लो। इस पर मंत्री ने जवाब दिया कि क्षेत्र में पूरा पानी दो, नहीं तो अगली बार मौके पर जाकर देखूंगा।
अनुसूचित जाति वर्ग की गली में नहीं पाइप लाइन
चिड़ौद से आई पंचायत ने मंत्री डॉ. बनवारी लाल को बताया कि गांव में बनी अनुसूचित वर्ग की गली में पाइप लाइन नहीं है। जिससे पेयजल सप्लाई नहीं आती है। मंत्री ने अधिकारियों से पूछा तो उन्होंने बताया कि पाइप लाइन डालने के लिए बजट नहीं है। एचडीआरएफ से बजट दिलवा दो, फिर लाइन डलवा देंगे। मंत्री ने अधिकारियों को पाइप लाइन के लिए एचडीआरएफ को प्रोजेक्ट बनाकर भेजने के निर्देश दिए।
भर्री की पंचायत से बोले, कल मीटिंग में देखेंगे
गांव भर्री की पंचायत ने मंत्री से मिलकर कहा कि उनकी पानी संबंधी शिकायत जन परिवाद समिति की बैठक में शामिल करा लो। इसके बाद मंत्री ने शिकायत के बारे में अधिकारियों से सोमवार को होने वाली जन परिवाद समिति की बैठक में ही पूछने का आश्वासन दिया।
साहब! जल घर के टैंक नहीं भरते
किरतान के लोगों ने शिकायत दी कि नहर से जल घर तक लाइन डाली हुई है, उसमें दिक्कत है। जल घर के टैंक नहीं भरते। ठीक करवाने के लिए आदेश भी दिए गए थे, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हुआ। इसी तरह गांव गुंजार, प्राथमिक शिक्षक संघ व मॉडल टाउन के लोगों ने भी शिकायत रखी। मॉडल टाउन के लोगों ने कहा कि उनके क्षेत्र में पति-पत्नी रहते हैं। जिन्होंने एरिया को खराब कर रखा है। असामाजिक तत्वों का आना-जाना रहता है। कपिला सोसायटी की शिकायत के बारे में जिला महामंत्री सुजीत कुमार ने मंत्री को बताया कि पांच आदमियों को प्लॉट दिला दिए हैं, दो व्यक्ति बचे हैं। इस मौके पर भाजपा नेता मंदीप मलिक, कर्णसिंह रानौलिया, महामंत्री सुजीत कुमार, आशा खेदड़, सोनाली फौगाट, कैप्टन नरेंद्र शर्मा, संदीप गंगवा सहित कई कार्यकर्ता और अधिकारी उपस्थित थे।