अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सतलोक आश्रम के मुखी रामपाल की हत्या के मामले में पेशी हुई। वीसी से हुई पेशी के दौरान कोर्ट के समक्ष तीन पुलिस कर्मचारी गवाही देने के लिए पहुंचे। इसमें इंस्पेक्टर उमेद सिंह, सब इंस्पेक्टर कर्मपाल और हेड कांस्टेबल फलेल उपस्थित हुए। कोर्ट ने गवाहों को क्रॉस एग्जामिन के लिए बुलाया था। हालांकि गवाही नहीं हो पाई। कोर्ट में वर्क सस्पेंड के चलते वकील पेश नहीं हुए। कोर्ट ने इस मामले में आगे के लिए 20 नवंबर की तारीख दी है।
हिसार के सतलोक आश्रम प्रकरण के दौरान बरवाला थाने में दर्ज किए गए 430 नंबर मुकदमे में सोमवार को आरोपित रामपाल और अन्य की सेेंट्रल जेल वन में पेशी हुई। रामपाल की अदालत में पेशी के चलते काफी संख्या में अनुयायी पहुंचे हुए थे। स्थिति पर काबू पाने के लिए दिनभर पुलिसकर्मी अनुयायियों को ऑटो में बैठाकर रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड भेज रहे थे।
पेशी के चलते काफी संख्या में सुबह से ही अनुयायियों की भीड़ शहर में एकत्रित होने लगी। जैसे-जैसे दिन निकलता गया, अनुयायी बढ़ते गए। सेंट्रल जेल वन के आसपास के एरिया में काफी संख्या में अनुयायी एकत्रित हो गए। सैकड़ों की संख्या में रेलवे स्टेशन पर भी रामपाल समर्थक बैठे हुए थे।