हांसी। दिल्ली रोड पर दोनों राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में दूसरी मेरिट सूची के तहत दाखिले सोमवार शाम तक हुए। दोनों संस्थानों में अब तक कुल 251 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। अभी दोनों आईटीआई में 537 सीटें रिक्त हैं।
राजकीय आईटीआई में दूसरी मेरिट सूची के बाद 632 सीटों पर 191 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। अब संस्थान में 441 सीटें रिक्त हैं। संस्थान में कुल 18 ट्रेड्स हैं, जिनमें सबसे ज्यादा दाखिले कंप्यूटर ऑपरेटर (30), इलेक्ट्रिशियन (16), डीजल मैकेनिक (23), मैकेनिकल इलेक्ट्रॉनिक एप्लाइंस (11) और स्टेनोग्राफर हिंदी (20) में हुए हैं।
वहीं, राजकीय महिला आईटीआई में 156 सीटों पर छह ट्रेड्स के लिए 182 आवेदन आए थे, जिसमें करीब 60 छात्राओं ने दाखिला लिया है। खाली सीटों पर दाखिला प्रक्रिया 16 जुलाई से शुरू होगी। तीसरी मेरिट सूची 22 जुलाई को जारी की जाएगी। इसके तहत 22 से 27 जुलाई तक दाखिले किए जाएंगे। विद्यार्थी 19 जुलाई तक अपने ट्रेड में बदलाव कर सकते हैं।