बास। गांव बास आजमशाहपुर निवासी विजेंद्र शर्मा से फेसबुक मैसेंजर पर उनके साले की फर्जी आईडी बनाकर 1.90 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने मामले की शिकायत ऑनलाइन दर्ज करवाई और साइबर अपराध थाना हांसी में भी रिपोर्ट दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी अमित के अनुसार, विजेंद्र ने बताया कि वे पेशे से चालक है। 27 जनवरी को उनके फेसबुक मैसेंजर पर उनके साले सोनू की फोटो लगी आईडी से संदेश आया। संदेश में लिखा गया कि वह विदेश में है और वीजा समाप्त होने के कारण इमिग्रेशन अधिकारियों के पास फंस गया है। आरोपी ने विश्वास दिलाने के लिए कहा कि उसने 6.15 लाख रुपये विजेंद्र के खाते में भेज दिए हैं जो अगले दिन तक पहुंच जाएंगे। एजेंट को तुरंत रुपये देने की जरूरत है।
साले की फोटो और नाम देखकर विजेंद्र को संदेह नहीं हुआ और उन्होंने 27 और 28 जनवरी को आरोपी की ओर से बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1.90 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसमें उन्होंने अपने खाते के साथ-साथ परिचितों के खातों का भी इस्तेमाल किया।
साले से संपर्क किया तो हुआ ठगी का पता चला:
कुछ समय बाद जब विजेंद्र ने साले से संपर्क किया, तो पता चला कि वह विदेश में नहीं हैं और किसी प्रकार की समस्या नहीं है। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। जांच अधिकारी अन्य लोगों से सावधानी बरतने और किसी भी पैसे के ट्रांसफर से पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे फोन पर संपर्क कर पुष्टि करने की चेतावनी दी है।