हिसार। जिले में मंगलवार शाम को आई रिपोर्ट में 189 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। राहत की बात यह है कि मंगलवार को कोरोना से कोई मौत नहीं हुई। उल्लेखनीय है कि पिछले 5 दिनों से लगातार 200 के करीब हर रोज कोरोना केस मिल रहे हैं, जो स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। इनको मिलाकर संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 10517 हो गया है। इनमें से जिले के 8851 मरीज कोरोना की जंग जीत कर घर लौट चुके हैं, जबकि फिलहाल जिले में 1528 एक्टिव केस हैं।
मंगलवार को अधिक केस मिलने से कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों का रिकवरी रेट भी काफी घटा है, जो 84.16 प्रतिशत हो गया है। हालांकि विभाग द्वारा संक्रमण को रोकने के लिए हर संभव उपाय अपनाए जा रहे हैं। कुछ लोग लापरवाही बरत रहे हैं, जो कोरोना की चपेट में आ रहे हैैं। अब उपसिविल सर्जन डॉ. जया गोयल और नोडल अधिकारी डॉ. सुभाष खटरेजा अपनी टीम के साथ सभी संक्रमित मरीजों की हिस्ट्री जुटाने में लगे हुए हैं। इसके बाद सभी मरीजों को लक्षण के हिसाब से अस्पताल या केयर सेंटर में रेफर किया जाएगा।
ये मिले संक्रमित
डिप्टी सीएमओ डॉ. जया गोयल ने बताया कि मंगलवार को मिले संक्रमितों में अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के दो डॉक्टर व स्टाफ नर्स, एनएचएम कर्मचारी, एग्रीकल्चर विभाग से रिटायर्ड कर्मचारी, तीन चिकित्सक, बहुउद्देशीय कर्मचारी, दो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, यूनियन बैंक का सहायक प्रबंधक, बैंक के दो कर्मचारी, सर्वोदय अस्पताल का कोऑर्डिनेटर, जिंदल अस्पताल का जनरल ड्यूटी सहायक व फार्मासिस्ट, फूड सप्लाई का बीएसएससी, मेडिकल स्टोर मालिक, सीएचसी का फार्मासिस्ट, सब इंस्पेक्टर व गोशाला के कर्मचारी सहित अन्य लोग शामिल हैं। विभाग द्वारा 17 अज्ञात संक्रमित मरीजों की तलाश जारी है, जिनका अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है।