महाविद्यालय में अब तक हुए 331 दाखिले, 6 को लगेगी दूसरी लिस्ट
अभी तक 819 सीटें बाकी
अमर उजाला ब्यूरो
मंडी आदमपुर। आदमपुर के फिरोज गांधी मेमोरियल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में दाखिला प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पहली कट ऑफ लिस्ट लगने के बाद विद्यार्थी फीस भरने में जुटे हुए हैं। मंगलवार तक 1150 सीटों में से 331 पर विद्यार्थियों ने दाखिला ले लिया हैं जबकि दूसरी कट आफ लिस्ट अब 6 जुलाई को लगाई जाएगी। महाविद्यालय के प्राचार्य ललित आर्य ने बताया कि बीए प्रथम वर्ष कला संकाय की 520 सीटों में से 108, बीए ऑनर्स भूगोल में 40 सीटों में से 8, बीएससी प्रथम वर्ष नॉन मेडिकल में 160 सीटों में से 21, बीएससी मेडिकल की 50 सीटों में से 8, बीएससी कंप्यूटर सांइस की 100 सीटों में से 6 व बीकॉम की 200 सीटों में से 39 सीटों पर दाखिले हो चुके हैं। शेष बची हुई सीटों के लिए दूसरी लिस्ट वीरवार शाम तक महाविद्यालय को मिलेगी और शुक्रवार 6 जुलाई को कालेज परिसर में चस्पा दी जाएगी। प्राचार्य ने बताया कि ग्रामीण आंचल में शिक्षा ग्रहण करने के लिए आदमपुर महाविद्यालय विद्यार्थियों के लिए बेहतरीन विकल्प है। दूर-दराज क्षेत्र से आने वाले विद्यार्थियों को अच्छी परिवहन व्यवस्था भी यहां मिलती है। महाविद्यालय में इस समय आठ कोर्स चलाए जा रहे हैं।