एचएयू की पूर्व छात्रा ज्योति अंतरराष्ट्रीय कांफ्रेंस में रही दूसरे स्थान पर
अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के गृह विज्ञान महाविद्यालय की छात्रा रही ज्योति सिहाग ने अमेरिकन सोसाइटी फॉर न्यूट्रीशन द्वारा बॉस्टन (यूएसए) में आयोजित कांफ्रेंस में भाग लिया। इस अंतर्राष्ट्रीय कांफ्रेंस में विश्व भर से 114 प्रतिभागी शामिल हुए। इनमें इमरजिंग लीडर की उच्च श्रेणी में ज्योति सिहाग ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। ज्योति सिहाग खाद्य और पोषण विभाग में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी पीएचडी की डिग्री कनाडा से की है। वहीं से उनके शोध के आधार पर उन्हें इस कांफ्रेंस में मनोनित किया गया। इस प्रतियोगिता में पूरे विश्व से उन्हीं लोगों का चयन किया जाता है। जिनका न्यूट्रीशन शोध उच्चतम स्तर का हो। उल्लेखनीय है कि ज्योति ने अपनी बीएससी तथा एमएससी की डिग्री हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय से प्राप्त की है। ऐसा पहली बार नहीं जब ज्योति ने ऐसी उपलब्धि हासिल की है। ज्योति ने अपनी बीएससी तथा एमएससी की डिग्री के दौरान उन्होंने कई गोल्ड मेडल प्राप्त किए तथा हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय ने उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए उन्हें फ्लेचर अवार्ड से भी नवाजा। पीएचडी के दौरान भी उन्होंने स्कॉलरशिप और अन्य पुरस्कार हासिल किए।