अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
बांद्रा एक्सप्रेस में सिवानी के पास लूट की अफवाह ने जीआरपी और आरपीएफ के जवानों में हड़कंप मचा दिया। सूचना मिलने पर जीआरपी और आरपीएफ जवानों ने रेलवे स्टेशन पर मोर्चा संभाल लिया। दोपहर करीब तीन बजे ट्रेन हिसार रेलवे स्टेशन पर पहुंची। जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने ट्रेन सवार लोगों की तलाशी ली। मगर हर सवारी ने किसी वारदात से इनकार किया। यह कोरी अफवाह साबित हुई। तब जीआरपी और आरपीएफ जवानों ने राहत की सांस ली।
रेलवे पुलिस की सब इंस्पेक्टर रेनू बाई ने बताया कि बांद्रा एक्सप्रेस ट्रेन में लूट की खबर मिली तो वे अलर्ट हो गए और जवानों ने रेलवे स्टेशन पर अपना मोर्चा संभाला। हमने पूूरी ट्रेन और हर सवारी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कुछ प्राप्त नहीं हुआ। यह महज एक अफवाह निकली। किसी प्रकार की कोई लूट नहीं हुई। अभी तक किसी भी सवारी ने लूट होने की शिकायत दर्ज नहीं कराई है। अगर किसी के साथ लूट होती तो सवारी एफआईआर जरूर दर्ज करवाती। यह सिर्फ एक अफवाह थी। जीआरपी और आरपीएफ ने सवारियों को सचेत होकर यात्रा करने की सलाह दी।
रेलवे कर्मियों पर अफवाह फैलाने का शक
रेलवे, जीआरपी और आरपीएफ को रेलवे के ही कुछ कर्मियों पर ट्रेन में लूट होने संबंधी अफवाह फैलाने का शक है। पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है। जीआरपी और आरपीएफ यह पता लगाना चाहती है कि अफवाह फैलाना किसकी साजिश थी और उसका मकसद क्या था।