हिसार। जिले में लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी कोरोना से एक मौत हुई और 18 नए कोरोना केस मिले हैं। डिप्टी सीएमओ डॉ. जया गोयल के अनुसार मंगलवार को लाडवा गांव निवासी 70 वर्षीय महिला ने निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। यह जिले की 335वीं कोविड-19 मौत है।
मृतक महिला कोरोना के अलावा शुगर व बीपी की बीमारी से ग्रस्त थी। गंभीर हालत के चलते महिला वेंटिलेटर पर उपचाराधीन थी। उल्लेखनीय है कि सोमवार भी रामपुरा मोहल्ला निवासी 58 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना से मौत हो गई थी। ठीक होने वाले मरीजों के रिकवरी रेट में गिरावट आई है, जो अब घटकर 97.14 प्रतिशत हो गया है। इस समय जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 164 हो गई है। संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 17437 हो गया है।
संक्रमितों में दो विद्यार्थी और सीए शामिल
विभाग द्वारा जारी की गई रिपोर्ट के अनुुसार देवीलाल कॉलोनी का जेएसएल का कर्मी, उकलाना की बुजुर्ग, जवाहर नगर का व्यवसायी, ऋषि नगर का सीए, सेक्टर 16-17 का छात्र, आजाद नगर की बुजुर्ग, कल्लर भैणी का सेवानिवृत्त कर्मी और घरेलू कामकाज करने वाली महिला, खासा महाजन का कर्मी, सेक्टर 16-17 का प्रोफसर, आजाद नगर का छात्र व कर्मी, छोटू राम कॉलोनी का कर्मी, अर्बन एस्टेट की महिला, लाजपत नगर की महिला एवं डिफेंस कॉलोनी का कर्मी शामिल है, जो कोरोना संक्रमित मिले हैं।
संपर्क हिस्ट्री 13.5 प्रतिशत के आसपास
इस समय केस लगातार बढ़ रहे हैं, मगर विभाग की टीम द्वारा कोरोना मरीजों के संपर्क में आए लोगों में से करीब 13.5 प्रतिशत की ही हिस्ट्री हो पा रही है और केवल उन्हीं के सैंपल हो पा रहे हैं। विभागीय अधिकारियों की ओर से प्रत्येक कोरोना मरीज के संपर्क में आए ज्यादा से ज्यादा लोगों की हिस्ट्री जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत मरीज की 30 लोगों तक ही संपर्क हिस्ट्री जुटाकर सैंपल लेने के निर्देश जारी हैं। ऐसे में जिला स्वास्थ्य विभाग आधे से भी कम हिस्ट्री जुटा पा रहा है। इससे मरीज की पूरी संपर्क हिस्ट्री जुटाए बिना संक्रमण रोक पाना मुश्किल होगा।