हिसार। कोरोना आंकड़े से तीसरे दिन भी राहत मिली है। बुधवार को 264 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। 336 मरीज ठीक होकर अपने घर लौटे। इसके चलते रिकवरी रेट में बढ़ोतरी रही। वहीं, बुधवार को 18 मरीजों की संक्रमण के चलते मौत हो गई। अब तक कुल 917 की मौत हो चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा सैंपलिंग बढ़ाने के लिए जिलेभर में अभियान चलाया जा रहा है। पिछले तीन दिनों से विभाग द्वारा बहुत कम सैंपलिंग हो पा रही थी। सोमवार, मंगलवार को औसतन 3000 सैंपलिंग रही। रविवार की बात करें तो 1800 सैंपलिंग हुई।
आईडीएसपी अधिकारी ने किया ज्वाइन
आईडीएसपी विभाग प्रभारी डिप्टी सीएमओ डॉ. जया गोयल ने ज्वाइन कर लिया है। उन्हें 500 बेड के बने नए संजीवनी अस्पताल में तैनात किया गया है। पिछले कुछ दिनों से वह मेडिकल छुट्टी पर थीं। उनकी गैर मौजूदगी में नोडल अधिकारी डॉ. सुभाष खतरेजा कार्यभार संभाल रहे थे।
सभी मृतक वेंटिलेटर पर थे
विभाग की ओर से जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार कोरोना से मरने वालों में दो किसान, चालक और दो सेवानिवृत्त कर्मी सहित ज्यादातर सीनियर सिटीजन शामिल हैं। ग्रामीण क्षेत्र से 8 मौत और बाकी मौत शहर से हुई है। यह सभी मरीज वेंटिलेटर पर उपचाराधीन थे। बुधवार को शहरी क्षेत्र से अधिक मौत हुई है। यह सभी मृतक शुगर, बीपी, सांस की बीमारी, किडनी खराब, उम्र दराज और निमोनिया जैसी गंभीर बीमारियों से ग्रस्त थे।
संक्रमितों का आंकड़ा पहुंचा 52000 पार
संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 52000 के पार पहुंच गया है। जिले में अभी 3169 सक्रिय मरीज हैं। जिनमें अधिकतर मरीजों का होम आइसोलेशन और बाकी का अस्पताल में उपचार चल रहा है। अब कुल संक्रमित मरीजों 52126 हो गया है। अब तक 48040 लोग कोरोना की जंग जीत कर घर लौट चुके हैं। इस समय ठीक होने वाले मरीजों का रिकवरी रेट बढ़कर 92.16 प्रतिशत हो गया है।