10 लोकसभा सीटों की बात करने वाली कांग्रेस पहले खुद के 10 उम्मीदवार तो ढूंढ ले : अभय चौटाला
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौंद (हिसार)। खाप पंचायतें आज भी समाजसेवा व पंचायती सहयोग के लिए जानी जाती हैं। कुछ लोगों में प्रदेश में भाईचारे को तोड़ने का बार-बार प्रयत्न किया, लेकिन खाप पंचायतों की बदौलत आज भी प्रदेश में 36 बिरादरी का भाईचारा कायम है। यह बात इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने राखी बारह खाप के चबूतरे पर सम्मान समारोह कार्यक्रम में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान बारह खाप के सदस्यों ने अभय सिंह चौटाला का स्वागत किया।
अभय चौटाला ने कहा कि 2014 में देश मे तीसरा मोर्चा न बन पाने की वजह से देश की जनता बहकावे में आ गई थी, परंतु अब ऐसा नहीं होने देंगे। प्रदेश में सभी सीटों पर इनेलो अकेले चुनाव लड़ेगी। अभय चौटाला ने कांग्रेस पर भी तंज कसते हुए कहा कि 10 की 10 लोकसभा सीट जीतने की बात करने वाले पहले 10 उम्मीदवार तो ढूंढ ले। पत्रकारों से बातचीत में अभय चौटाला ने बीजेपी व इनेलो के गठबंधन पर कहा कि कर्ण चौटाला ने कभी नहीं कहा कि हमारा गठबंधन हुआ है, बल्कि उनके बयानों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है। उन्होंने साफ कर दिया कि गठबंधन जैसी अभी कोई बात नही है। इस अवसर पर बारह खाप के प्रधान सुरेश कोथ, मास्टर चंद्र प्रकाश, इनेलो जिला अध्यक्ष सतबीर सिसाय, राज सिंह मोर, जस्सी पेटवाड़, सुभाष गोयल, रणबीर लोहान, वजीर मोहला, रामफल जांगड़ा, राजकुमार राखी, रत्तन मिलकपुर, साधु खेड़ी, रामनिवास, जय ढांडा, मास्टर हरकेश, बिजेंद्र नंबरदार आदि मौजूद रहे।