उकलाना मंडी (हिसार)।
उकलाना में सरकारी चिकित्सक और स्टाफ की लापरवाही के कारण एक गर्भवती महिला की डिलीवरी रात को एंबुलेंस में ही हो गई। डिलीवरी भी एंबुलेंस के पुरुष कर्मियों ने करवाई। गर्भवती ने एक मृत बालक को जन्म दिया। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया।
वार्ड नंबर 12 निवासी विजेंद्र ने बताया कि उसकी पत्नी सीमा को प्रसव पीड़ा होने पर रात को उकलाना के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। रात को कोई भी चिकित्सक नहीं था। ड्यूटी पर तैनात नर्स ने सीमा को अग्रोहा के लिए रेफर कर दिया। रात को ही एंबुलेंस से गर्भवती को अग्रोहा ले जा रहे थे कि पांच किलोमीटर जाते ही सीमा को प्रसव पीड़ा बढ़ गई और उसने एक मृत बच्चे को जन्म दिया। वे वापस मृत शिशु और उसकी पत्नी को अस्पताल ले आए। शव को 12 घंटे तक अस्पताल में रखा गया और कोई कार्रवाई ना करने का दबाव डाला जाता रहा है। मीडिया के हस्तक्षेप के बाद मेडिकल ऑफिसर ने पुलिस को सूचना दी। तब जाकर पुलिस ने शिकायत दर्ज की। मेडिकल ऑफिसर राजेश कुमार ने बताया कि उनको सुबह ड्यूटी पर आने के बाद ही जानकारी मिली कि रात को घटना हुई है अगर स्टाफ की लापरवाही पाई गई तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी।