अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
जींद में 15 फरवरी को आयोजित भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की रैली की सुरक्षा को लेकर डीसी निखिल गजराज ने मीटिंग ली। ड्यूटी मजिस्ट्रेट अपने-अपने एरिया में तैनात रहेंगे। जींद रैली के लिए 14 फरवरी से ही सड़कों पर पुलिस और पैरा मिलिट्री फोर्स तैनात कर दी जाएंगी।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। ड्यूटी मजिस्ट्रेटों को परिस्थिति अनुसार निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया गया है। परिस्थितियों से निपटने के लिए वे जो निर्णय करें, अधिकारियों के साथ तालमेल करेंगे। ड्यूटी मजिस्ट्रेट इस बात का विशेष ध्यान रखें कि जो मौके पर वे फैसला लें, उससे स्थिति में सुधार आए। संवेदनशील क्षेत्रों की भी पहचान कर लें। क्षेत्र के प्रमुख व्यक्तियों से मिलकर इस बारे बातचीत करें। ड्यूटी मजिस्ट्रेट 15 फरवरी को होने वाली जींद रैली के साथ 18 फरवरी को अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति द्वारा मनाए जा रहे बलिदान दिवस के अवसर पर भी कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिम्मेदारी निभाएंगे।
पांच कंपनियां हांसी और चार हिसार में होंगी तैनात
एसपी मनीषा चौधरी ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल है। इसके साथ सुरक्षा के लिए नौ कंपनियां बुलाई गई हैं। इनमें से पांच कंपनियां हांसी और चार हिसार में तैनात रहेंगी। पुलिस अधिकारियों व ड्यूटी मजिस्ट्रेट का आपसी तालमेल बहुत जरूरी है। जिस क्षेत्र के लिए ड्यूटी लगाई गई है, वे उस क्षेत्र की परिस्थितियों को भलीभांति पहले से ही समझ लें। हिसार से जींद जाने वाले सभी रास्तों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही यातायात व्यवस्था को भी बनाए रखें।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त एएस मान, प्रशासक हुडा दिनेश यादव, आयुक्त नगर निगम अशोक कुमार बंसल, नगराधीश शालिनी चेतल, एसडीएम हिसार परमजीत चहल, एसडीएम हांसी अहलावत, एसडीएम बरवाला पृथ्वी सिंह, ईओ हुडा सुमित कुमार, नगर निगम संयुक्त आयुक्त जयबीर यादव, जिला परिषद सीईओ विकास यादव, डीआरओ राजेंद्र कुमार जांगड़ा, डीडीपीओ अश्वीर नैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।