अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
शहर की टूटी सड़कों और खस्ताहाल के विरोध में सेक्टरवासी बुधवार को निगम कार्यालय के सामने दो घंटे धरना देंगे। विरोध प्रदर्शन में शामिल होने को लेकर जिला ऑल सेक्टर एसोसिएशन के प्रधान और अन्य कार्यकारिणी सदस्य मंगलवार को सेक्टरों में पहुंचे और प्रदर्शन में भाग लेने की अपील की। मेला ग्राउंड सेक्टर-21 पी में पहुंचे पदाधिकारियों को सेक्टर वासियों ने सहयोग का वादा किया। सेक्टर वासियों ने कहा कि मौके पर ढोल बजाकर निगम अधिकारियों की पोल खोली जाएगी।
पीएलए को छोड़कर इन सेक्टरों के लोग लेंगे भाग
जिला ऑल सेक्टर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि पीएलए को छोड़कर बाकी सभी सेक्टरों के लोग इस प्रदर्शन में भाग लेंगे। हालांकि पीएलए के भी कुछ ही सदस्य हैं, जो नहीं आएंगे। बाकी आम सेक्टर वासियों से प्रदर्शन में भाग लेने के लिए अपील की गई है। धरने को लेकर एसोसिएशन की तरफ से अर्बन इस्टेट टू, सेक्टर-14, सेक्टर-13, सेक्टर-16-17, सेक्टर-9-11, सेक्टर-21 पी मेला ग्राउंड एरिया, सेक्टर-15 सहित सभी सेक्टर वासियों को इसको लेकर न्योता दिया गया है।
दो फाड़ हैं सेक्टर वासी
सेक्टर वासी दो गुटों में बंट गए हैं। एक गुट किरमारा और दूसरा सतपाल ठाकुर, यशवीर मलिक का गुट है। दोनों गुटों में आपस में खींचतान चल रही है। किरमारा गुट के धरने के एलान के बाद सतपाल ठाकुर गुट ने योजनाबद्ध तरीके से अगले ही दिन कमिश्नर को सेक्टरों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। इससे पहले सभी ग्रुप शांत बैठे थे।
वाहवाही और श्रेय लेने का खेल
सेक्टर वासियों के दोनों गुटों में वाहवाही और श्रेय लेने का काम चल रहा है। एक गुट वो है जो मौजूदा प्लान से पहले किसी न किसी सेक्टर में प्रधान पद पर थे, लेकिन इस बार उन्हें प्रधानी यानी चौधर हाथ नहीं लगी। दूसरा गुट वह है, जो काफी सालों से शांत बैठा है और उन्हें हाल फिलहाल चौधर मिली है।
टेंडर का स्टेटस
निगम के पास करीब छह करोड़ रुपये सेक्टरों की सड़कों की मरम्मत के लिए ग्रांट मंजूर है। इसमें से चार करोड़ रुपये के टेंडर को रिकॉल किया गया है। इसके अलावा दो करोड़ रुपये के काम के टेंडर खुल चुके हैं, लेकिन रेट अभी तय नहीं हो पाए हैं। दोनो कार्यों की नेगोसिएशन मांगी गई है। इनमें से एक टेंडर को लेकर नेगोसिएशन रेट ठेकेदार ने दे दिए हैं। टेंडर किसी को अलॉट किया जाएगा या नहीं यह रेट पर तय होगा।
ये लोग पहुंचे मेला ग्राउंड
प्रधान दलबीर किरमारा, सेक्टर-16-17 प्रधान जितेंद्र श्योराण, सुजान सिंह बैनीवाल, संरक्षक अशोक अरोड़ा पहुंचे। उन्होंने कार्यकारिणी का विस्तार भी किया। बलवान सिंह मुंजर को वरिष्ठ उपप्रधान, त्रिलोक बंसल को महासचिव बनाया गया। इस मौके पर अनिल बिडलान, कैशियर ओपी भ्याणा, हरिसिंह, अजायब सिंह, जयपाल, कर्णसिंह, महाबीर वर्मा, भगत सिंह, ओमप्रकाश धनखड़, दूलीचंद सहित कई सेक्टर वासी मौजूद थे।