हिसार। सेक्टर-13, सेक्टर 16-17 और सेक्टर 9-11 में बने पार्कों की दशा जांचने के लिए नगर निगम कमिश्नर अशोक कुमार गर्ग ने अधिकारियों के साथ दौरा किया। उन्हें वार्ड नंबर 14 के पार्षद अमित ग्रोवर व अन्य सेक्टरवासियों ने पार्क की जरूरतों के बारे में कमिश्नर को अवगत करवाया।
सेक्टर 1-4 आरडब्ल्यूए के प्रधान चतर सिंह गोयत ने कमिश्नर को बताया कि सेक्टर 16-17 के पार्क में बच्चों के खेल का अभ्यास करवाने की व्यवस्था भी की हुई है। यहां रोजाना 200 बच्चे कबड्डी, फुटबाल, वॉलीबाल, बॉक्सिंग तक की प्रेक्टिस करते हैं। मगर यहां स्वच्छ पेयजल की कमी है। इसलिए यहां ट्यूबवेल के साथ आरओ लगाने की जरूरत है। वहीं ओपन जिम के उपकरण बढ़ाने, कुर्सियां लगवाने की भी मांग की गई।
पांच एकड़ में बना है पार्क
रिटायर्ड कर्नल चतर सिंह गोयत ने बताया कि सेक्टर 16-17 का पार्क पांच एकड़ में बना हुआ है। काफी जगह होने के कारण बच्चों को खेलने में आसानी रहती है। पार्क में आठ जगह पर कबड्डी के पाले बनाए हुए हैं, जिनमें रोजाना बच्चे अभ्यास करते हैं। उनकी कोशिश है कि किसी भी खेल में कोई न कोई बच्चा जरूर कामयाब होकर शहर का नाम रोशन करें। उन्होंने बताया कि कमिश्नर के सामने कई मांगें रखी गई हैं। उम्मीद है कि वह आचार संहिता हटने के बाद इन सुविधाओं को पार्क में बढ़ावा देंगे, ताकि सेक्टरवासियों को इसका लाभ मिल सके।
सेक्टर की सड़कों के हो चुके हैं टेंडर
कमिश्नर को अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर-13, सेक्टर 16-17 और सेक्टर 9-11 के एंट्री पर चौक के सुंदरीकरण, सेक्टरों के एंट्री पर कैमरे व सेक्टर 16-17 के सभी मेन रोड के किनारे पर मिट्टी भरवाई करके उनमें उच्च किस्म के फूल पौधे लगाकर सेक्टर को स्वच्छ व सुंदर बनाया जाएगा। सेक्टर 16-17 की सड़कों और पार्कों के लिए टेंडर हो चुके हैं। कुछ काम शुरू भी कर दिए गए थे। कुछ आचार संहिता के बाद शुरू होने हैं। कमिश्नर ने सेक्टरवासियों से कहा कि नगर निगम प्रशासन जनता की सुविधा के लिए हरसंभव प्रयास करेगा। इस मौके पर अधीक्षक अभियंता रामजीलाल, कार्यकारी अभियंता एचके शर्मा, पालिका अभियंता प्रवीण कुमार, विजय हंस, भूपसिंह, महावीर पूनिया, सत्यवान राजली व अन्य सेक्टरवासी उपस्थित रहे।