अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
भाजपा के मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र राघव ने फिल्म पद्मावती को लेकर भाजपा से इस्तीफा दे दिया। करनी सेना ने आठ दिसंबर को फतेहाबाद में होने वाले सीएम के कार्यक्रम में काले झंडे दिखाने का एलान किया है।
राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर भवानी सिंह ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि पद्मावती को रोकने के लिए हम हर स्तर पर आंदोलन करेंगे। इस मौके पर बीजेपी शहरी मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र राघव ने पार्टी पद से इस्तीफा देने का एलान किया। उन्होंने कहा कि 15 सालों से बीजेपी का साथ निभा रहे थे।
जब माता पद्मावती के सम्मान की बात आई तो सीएम साहब ने राजपूतों की बात तक नहीं सुनी। हरियाणा के मुख्यमंत्री आगजनी के बाद ही जागते हैं। जाट आंदोलन, रामपाल, राम रहीम सभी मामलों में सीएम आगजनी के बाद ही जागे। प्रदेशाध्यक्ष भवानी सिंह ने बताया कि किसी थियेटर में फिल्म चलने नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि 8 दिसंबर को सीएम फतेहाबाद में आएंगे। सीएम को काले झंडे दिखाकर विरोध किया जाएगा। 9 दिसंबर को पंचकूला में पहुंचकर विरोध करेंगे। दस दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में एकत्रित होकर विरोध दर्ज कराएंगे। 25 दिसंबर को भिवानी में रैली का आयोजन किया जाएगा। करणी सेना के साथ रामपाल समर्थकों ने भी बुधवार को अपना समर्थन पत्र करणी सेना को सौंपा।