अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
नगर निगम की टेक्निकल विंग सीएम एनाउंसमेंट के 10 करोड़ के कार्यों में देरी कर रही है। पार्षदों ने इसका विरोध शुरू कर दिया है। उन्होंने अधिकारियों पर विकास कार्यों में देरी के आरोप लगाए हैं। इतना ही नहीं पार्षद शालू दीवान और उनके पति पूर्व पार्षद पंकज दीवान ने आरोप लगाए हैं कि हाउस की मीटिंग में भी उनकी तरफ से ये बात उठाई गई थी, तब टेक्निकल अधिकारियों ने उन्हें झूठ बोल दिया कि टेंडर लगाए जा चुके हैं, लेकिन अभी तक वे टेंडर नहीं लग पाए हैं।
कमिश्नर भी संतुष्ट नहीं, एक्सईएन के काम से तीन दिन पहले लगाई थी डांट
सूत्रों के अनुसार एक्सईएन विवेक गिल को तीन दिन पहले कमिश्नर अशोक बंसल ने फटकार लगाई थी। उन्होंने कहा कि आप काम पर ध्यान नहीं दे रहे। इसके बावजूद एक्सईएन सीएम एनाउंसमेंट में देरी कर रहे हैं।
पार्षद बोलीं, दो महीने से काट रहे चक्कर
पार्षद शालू दीवान ने कहा कि उनके वार्ड के दस करोड़ के कार्य में से करीब 70 लाख के काम होने हैं। ये काम वार्ड तीन के हैं, जो काफी जरूरी हैं। दो महीने से लगातार चक्कर काट रहे हैं। हाउस की मीटिंग में भी मुद्दा उठाया था तो एक्सईएन ने कहा कि टेंडर लगाए जा चुके हैं। उन्होंने भरी मीटिंग में अधिकारियों के सामने झूठ बोल दिया, लेकिन अभी तक टेंडर नहीं लग पाए हैं। जब भी मिलते हैं तो कहते हैं कि एक-दो दिन में लग जाएंगे।
यह बोले डिप्टी मेयर
डिप्टी मेयर भीम महाजन ने कहा कि फरवरी में हुई सीएम एनाउंसमेंट के अभी तक काफी टेंडर नहीं लगे हैं। उन्होंने कहा कि मेरे वार्ड में श्याम बाग की दो गलियों की पिछले तीन साल से बनाने को लेकर लिखकर दे रहा हूं। हर बार टेंडर से हटा दी जाती हैं। पता नहीं किसके कहने से ये गलियां नहीं बनाई जा रहीं। आखिर क्यों एस्टिमेट से गायब कर दी जाती है। उन्होंने कहा कि तीन दिन पहले ज्वाइंट कमिश्नर सहित सभी अधिकारियों से इन गलियों को लेकर दोबारा कागज अप्रूव करवाकर टेक्निकल टीम को देकर आया हूं, लेकिन अब भी भरोसा नहीं कि ये गलियां बन जाएंगी।
गलियों, पार्कों और स्ट्रीट लाइटों के होने हैं काम
वार्ड तीन के पार्षद प्रतिनिधि पंकज दीवान ने कहा कि इस टेंडर में गलियों, पार्कों और स्ट्रीट लाइटों के काम होने हैं। 10 करोड़ के टेंडर में से अधिकारियों ने 20 प्रतिशत वर्क के टेंडर ही लगाए होंगे। ये भी जो पार्षद बार-बार दबाव दे रहे हैं, उन्हीं के काम किए जा रहे हैं, बाकी के काम नहीं किए जा रहे।
अगर ऐसी बात है तो पार्षद सोमवार को मुझसे मिलें। टेक्निकल टीम से जवाब मांगा जाएगा। आखिर कहां दिक्कत आ रही है, इसका पता लगाया जाएगा। सीएम एनाउंसमेंट में देरी का कारण भी पूछा जाएगा।
-जयवीर यादव, ज्वाइंट कमिश्नर नगर निगम