हिसार। नलवा गांव के पास रतेरा रोड पर शनिवार दोपहर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से 16 वर्षीय किशोर पुनीत की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सदर थाने के जांच अधिकारी शमशेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक के ताऊ संदीप कुमार के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
नलवा निवासी संदीप ने बताया कि हादसा शनिवार दोपहर करीब 12 से 12:30 बजे के बीच हुआ। पुनीत और मोहित खेत से कपास चुनकर घर लौट रहे थे। दोनों रतेरा रोड पर अपनी मोटरसाइकिल के पास सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान नलवा की तरफ से आई सफेद रंग की अज्ञात गाड़ी के चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर संदीप कुमार मौके पर पहुंचे और दोनों को अस्पताल पहुंचाया। मोहित को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुनीत को जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।