हिसार। सड़क हादसे में गांव लुहारी निवासी 23 वर्षीय सोनू और गांव पनिहारी निवासी 22 वर्षीय परशुराम की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार उनका दोस्त लुहारी निवासी पवन गंभीर रूप से घायल हो गया। सोनू व परशुराम रिश्ते में जीजा-साला लगते थे।
मृतक सोनू के चाचा चांदीराम ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे वे तीनों ग्यानपुरा से किसी काम गए थे और लुहारी लौट रहे थे। रास्ते में पनिहारी से निकलते ही ग्यानपुरा के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने उन्हें नागरिक अस्पताल में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परशुराम को मृत घोषित कर दिया। उपचार के कुछ देर बाद सोनू ने भी दम तोड़ दिया। पवन का फिलहाल उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शवों को कब्जे में ले लिया और शवगृह में रखवाया। पुलिस ने वीरवार सुबह करीब 11 बजे दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
दो साल पहले हुई थी सोनू की शादी
चांदीराम ने बताया कि सोनू की शादी को लगभग दो साल ही हुए थे। उसकी छह महीने की एक बेटी है। सोनू और उसका साला परशुराम मजदूरी करते थे। उसका दोस्त पवन भी मजदूरी का काम करता है। सोनू अपने दोस्त पवन के साथ बाइक पर सवार होकर घर से अपनी ससुराल पनिहारी के लिए गया था। वहां से सोनू अपने साले परशुराम को साथ लेकर बाइक से लुहारी के लिए आ रहे थे।