हिसार। रोडवेज प्रशासन ने आउटसोर्सिंग पॉलिसी-2 के तहत लगाए गए 16 ड्राइवरों की सेवाएं समाप्त करने के आदेश जारी कर दिए हैं। दोपहर बाद सेवाएं समाप्त की गईं तो नाइट सर्विस पर बस लेकर गए इन ड्राइवरों को बीच रास्ते से ही वापस बुला लिया गया। उनकी जगह दूसरे ड्राइवर भेजकर बस मंगवाई गई।
हटाए गए ड्राइवरों में 12 हिसार डिपो, जबकि चार हांसी सब डिपो के शामिल हैं। अधिकतर ड्राइवरों की ड्यूटी रात के समय रोडवेज बस चलाने की लगी हुई थी। अब इनके हटने के साथ ही इन रूटों पर बस सेवा प्रभावित होगी। हालांकि रोडवेज प्रशासन का दावा है कि हटाए गए ड्राइवरों के स्थान पर दूसरे ड्राइवर लगाकर सेवा बाधित नहीं होने दी जाएगी।
हांसी सब डिपो से इन ड्राइवरों को हटाया गया
हांसी सब डिपो से जिन चार ड्राइवरों की सेवाएं समाप्त की गई हैं। उनमें भीम सिंह, जितेंद्र, नरेश कुमार और सतीश शामिल हैं। इनकी ड्यूटी हांसी सब डिपो से ही लगाई जाती थी। उल्लेखनीय है कि इन सभी ड्राइवरों को 2016 में नियमित ड्राइवरों की भर्ती प्रक्रिया के नियम अपनाते हुए ड्यूटी पर रखा गया था। मगर अब करीब तीन साल बाद इन्हें नौकरी से हटाने के आदेश दिए गए हैं।
हिसार डिपो से हटाए गए ड्राइवर और उनकी ड्यूटी
ड्राइवर .... ड्यूटी
सुरेश -- दिल्ली रूट
जगदीश -- बीकानेर रूट
बलजीत -- दिल्ली रूट
सतबीर -- बालसमंद से चंडीगढ़ रूट
ओमप्रकाश -- चंडीगढ़ रूट
सुनील -- चंडीगढ़ रूट
सुरेश -- अजमेर रूट
रोहताश -- मोडाखेड़ा रूट
अजीत -- मुजादपुर रूट
नरेश -- आदमपुर रूट
सुरेंद्र -- बनभौरी रूट
पवन कुमार -- चूली कलां रूट
रोडवेज के उच्चाधिकारी किलोमीटर स्कीम घोटाले की जांच से ध्यान भटकाने को ऐसे फरमान जारी कर रहे हैं। यूनियन इन आदेशों को सहन नहीं करेगी। सभी ड्राइवर 2016 में भर्ती किए थे, उस समय नियमित भर्ती जैसी प्रक्रिया अपनाई गई थी। मेरिट के आधार पर ड्राइवर भर्ती किए गए थे। हटाने के आदेशों पर कोर्ट से स्टे लिया जाएगा।
- राजपाल नैन, जिला प्रधान, रोडवेज कर्मचारी यूनियन
मुख्यालय से मिले आदेशों के आधार पर हिसार डिपो व हांसी सब डिपो से 16 अनुबंधित ड्राइवरों की सेवाएं समाप्त की गई हैं। ये ड्राइवर जहां ड्यूटी दे रहे थे, वहां नियमित ड्राइवरों की ड्यूटी लगाकर व्यवस्था बना दी जाएगी।
- विकास यादव, महाप्रबंधक, हिसार डिपो