हिसार। मतगणना के दिन 23 मई को हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय का केवल गेट नंबर-4 ही खुला रहेगा, जबकि बाकी गेट को मतगणना के परिणाम आने तक बंद रखा जाएगा। इसके अलावा पुलिस ने कई रूट डायवर्ट किए हैं और पार्किंग के स्थान पर भी निर्धारित किए हैं।
मतगणना का काम महाबीर स्टेडियम, पंचायत भवन व एचएयू के गिरी सेंटर में होना है। मतगणना में किसी तरह की कोई बाधा न हो और शरारती तत्व मतगणना के काम को बाधित न कर सकें, इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार पूरे क्षेत्र को सील कर कड़ी सुरक्षा में कैद कर दिया गया है। एसपी लोकसभा आम चुनाव के नौ विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना के तीन लोकेशन बनाई गई हैं। इनमें महाबीर स्टेडियम, पंचायत भवन व गिरी सेंटर एचएयू हिसार शामिल हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र अनुसार एक-एक डीएसपी व 2-2 इंस्पेक्टर तथा पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल लगाया गया है और दंगा निरोधक दस्ता का पुलिस बल भी स्टैंड-टू हालात में मौजूद रहेगा।
यूं डायवर्ट किए रूट
मतगणना के दौरान कोई भी वाहन लक्ष्मीबाई चौक से आगे गाड़ी नहीं ले जा पाएंगे। केवल प्रशासन व पुलिस अधिकारियों, उम्मीदवारों की गाड़ियां ही आगे जा सकती हैं। सुबह 5:00 से शाम 5:00 बजे तक लक्ष्मीबाई चौक से शर्मा नर्सिंग चौक, जिंदल टॉवर से होते हुए मलिक चौक तक का रोड बंद किया जाएगा। बालसमंद जाने वाले वाहन परिजात चौक से होते हुए जाएंगे। कैनाल रेस्ट हाउस मधुबन पार्क के पास लगने वाले नाके से केवल उम्मीदवारों की गाड़ियां, सरकारी गाड़ियां ही आगे की तरफ जाने दी जाएंगी। एचएयू के गेट-4 के अलावा सभी गेट बंद रहेंगे।
यहां होगी पार्किंग की व्यवस्था
गिरि सेंटर में होने वाली मतगणना, जिसमें बवानीखेड़ा व उचाना क्षेत्र के लिए सभी कर्मचारी स्टाफ, उम्मीदवार व एजेंट बाईपास होते हुए एचएयू के गेट नंबर-3 से मतगणना स्थल तक पहुंच पाएंगे। इनके वाहनों की पार्किंग के लिए गेट नंबर-3 के सामने खाली मैदान में व्यवस्था की गई है। इसके अलावा उम्मीदवारों के लिए वीटा मिल्क प्लांट, एजेंटों व स्टाफ के लिए टैक्सी स्टैंड व एचएयू के गेट नंबर-3 के सामने खाली मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
14 अतिरिक्त नाके बनाए
मतगणना के दौरान रुटीन नाकों के अलावा 14 अतिरिक्त नाके बनाए गए हैं। इनमें लक्ष्मीबाई चौक, कैनाल रेस्ट हाउस, शर्मा अस्पताल के सामने, शर्मा अस्पताल चौक, मलिक चौक, एचएयू गेट नंबर-1, मुख्य प्रवेश द्वार महाबीर स्टेडियम, बाल भवन के नजदीक, राजकीय कॉलेज गेट, एचएयू का गेट नंबर-3, गिरी सेंटर प्रवेश द्वार, त्रिवेणी हॉस्टल की तरफ, इंदिरा गांधी ऑडिटोरियम के सामने चौक पर, एचएयू गेट नंबर-4 शामिल हैं।
ये वस्तुएं अंदर लेकर जाना बैन
एसपी के अनुसार मतगणना के स्थान पर किसी भी व्यक्ति को मोबाइल फोन, पेन, बीड़ी, सिगरेट, माचिस, लाइटर, हथियार, थैला, पिन, अंगूठी, घड़ी, कंघा, मैच बॉक्स, ब्लेड, साथ में अन्य कपड़े, बेल्ट, कड़ा, चाकू, कोई भी तरल पदार्थ इत्यादि कोई भी सामान अंदर नहीं ले जाने दिया जाएगा। केवल मतगणना ड्यूटी के अधिकारी, कर्मचारी व स्टाफ, पुलिस, सीपीएमएफ ड्यूटी, चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार, चुनाव एजेंट और मतगणना एजेंटों को छोड़कर कोई भी व्यक्ति अंदर नहीं जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सिविल प्रशासन द्वारा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।