हिसार। साइबर ठगों ने एचकेआरएन कर्मचारी को एपीके फाइल भेजकर उससे 1.55 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने मामले की साइबर थाना पुलिस को दी। जांच अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित ने बताया कि वह बिजली विभाग एचकेआरएन के माध्यम से चपरासी लगा हुआ है। उसके पास 20 जून को एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को भारतीय स्टेट बैंक का कर्मचारी बताया। उसने सुनील से कहा कि उसके क्रेडिट कार्ड पर स्वास्थ्य बीमा प्लान सक्रिय हो गया है। उसने प्लान बंद करने को कहा तो ठग ने उसे व्हाट्सएप पर एक एपीके फाइल भेजी।
फाइल खोलने के बाद 22 जून को सुनील के क्रेडिट कार्ड से 92487 रुपये और 63235 रुपये कट गए। उसके बाद भी ठगों को उसके पास फोन आए और आश्वासन दिया कि आपके पैसे आपको मिल जाएंगे। ठग ने फिर से उसे एपीके फाइल भेजी लेकिन इस बार उसने फाइल डाउनलोड नहीं की और साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
साइबर थाना प्रभारी कपिल सिहाग के मुताबिक वायरस, ट्रोजन, और स्पाईवेयर सभी एपीके फाइल में छिपाए जा सकते हैं। एक बार इंस्टॉल हो जाने पर, मैलवेयर आपके डिवाइस को नुकसान पहुंचा सकता है। वहीं अनचाहे एप इंस्टॉल कर सकता है। ब्यूरो