पुलिस ने नाइट डोमिनेशन के दौरान 1771 वाहनों को किया चेक
हिसार। अपराध पर रोक लगाने के लिए उद्देश्य से जिला पुलिस ने शनिवार रात नाइट डोमिनेशन चलाया। रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक चले अभियान के दौरान पुलिस ने विशेष नाके लगाकर वाहनों की चेकिंग की, जिसमें बड़े अधिकारी भी शामिल रहे।
पुलिस महानिदेशक के आदेशानुसार चलाए गए अभियान के तहत जिला पुलिस ने कुल 86 सार्वजनिक स्थानों पर 1771 छोटे-बडे़ वाहनों को चेक किया। इस चेकिंग के दौरान 113 वाहनों के चालान किए गए तथा पांच वाहनों को इंपाउंड किया गया। अभियान के दौरान दो चालक ऐसे पाए गए जो शराब पीए हुए थे। उनका ड्रिंक एंड ड्राइव का चालान किया गया। 57 व्यक्तियों के स्टेजर रोल काटे गए। इसके अलावा नाइट डोमिनेशन में 189 अवैध बोतल शराब व जुआ अधिनियम के तहत 2950 रुपये बरामद किए गए।
एसपी स्वयं रहे गश्त पर
पुलिस अधीक्षक शिव चरण ने भी नाइट डोमिनेशन के दौरान नाको को चेक किया व रात्रि गश्त पर रहे। जिला पुलिस ने नाइट डोमिनेशन चेकिंग अभियान के तहत संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों तथा दुष्चरित्र व्यक्तियों, हिस्ट्रीशीटर आदि को भी चेक किया। रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, धर्मशालाओं, होटल, बाजार व भीड़-भाड़ वाले स्थानों की भी चेकिंग की गई।