हिसार। मौसम में अचानक बदलाव आया और देर शाम करीब साढ़े पांच बजे अचानक बूंदाबांदी शुरू हो गई। बूंदाबांदी पांच मिनट तक ही हुई, लेकिन ठंड में बढ़ोतरी हुई।
सोमवार को सुबह से दोपहर बाद तक मौसम बिलकुल साफ रहा। दोपहर को तो चिलचिलाती गर्मी का भी अहसास हुआ, लेकिन शाम होते-होते आसमान में अचानक बादल छा गए और फिर करीब पांच मिनट तक बारिश हुई। सोमवार को अधिकतम तापमान 24.5 और न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से माइनस 5 डिग्री और अधिकतम तापमान सामान्य से माइनस 2 डिग्री कम चल रहा है। सोमवार को दिनभर 2.7 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलीं। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक रात्रि तापमान में गिरावट जारी रहेगी और सुबह हल्की धुंध का प्रभाव रहेगा। एचएयू के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. एमएल खीचड़ के अनुसार 26 फरवरी को भी प्रदेश में अधिकतर स्थानों पर बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं गरज-चमक व हवाओं के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है।