अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सांसद दुष्यंत चौटाला खुद गाड़ी चलाकर अपने दादा पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला को लेकर ताऊ देवीलाल सदन पहुंचे। कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर ओपी चौटाला ने कहा कि आप सारे ठीक हो। बस कुछ महीने और काट लो, फैर थारा ए टैम आण आला सै।
लंबे समय के बाद पूर्व सीएम ओपी चौटाला ताऊ देवीलाल सदन में कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं के मोबाइल बंद करा दिए। किसी पदाधिकारी ने उन्हें माइक थमाय तो पूर्व सीएम ने उसे सांसद दुष्यंत चौटाला को सौंप दिया। ओपी चौटाला बोले - मेरी बुलंद आवाज को किसी माइक की जरूरत नहीं।
मेरे कोई भाषण देने नहीं आया। आप लोगों का हाल चाल जानने आया हूं। मेरी सेहत ठीक है आप लोग तगड़े रहना। अपणा खराब टाइम पूरा हो गया। अब कुछ महीने की बात बची है। इस सरकार को उखाड़ फेंकना, आपकी इनेलो की सरकार बनने वाली है। पूर्व सीएम ने कहा कि जिन लोगों ने हमारे साथ बुरा किया, भगवान भी उनको माफ नहीं करेगा। प्रदेश की जनता सरकार से ऊब चुकी है।
सांसद दुष्यंत का रिपोर्ट कार्ड कार्यकर्ताओं से मांगा
कार्यकर्ताओं से मुलाकात करते हुए ओपी चौटाला ने पूछा, मेरे पीछे से दुष्यंत आपके दुख-सुख में आता है कि नहीं। काम ठीक नहीं करता हो तो बताओ। ये आपका बेटा, पोता है। मेरी गैरहाजिरी में इससे कान पकड़वा कर काम कराना आपकी जिम्मेदारी है।
मां, बेटा, दादा तीनों पहुंचे
ताऊ देवीलाल सदन में पूर्व सीएम ओपी चौटाला के साथ दुष्यंत पहुंचे थे। डबवाली विधायक और सांसद दुष्यंत चौटाला की मां नैना चौटाला भी हरी चुनरी कार्यक्रम के तहत यहां पर मौजूद थीं। दुष्यंत और ओपी चौटाला अलग मंच पर रहे। नैना चौटाला अंदर महिलाओं के साथ रहीं।