उकलाना मंडी (हिसार)। समीपवर्ती लितानी-जाजनवाला सड़क मार्ग पर हरियाणा टायर इंडस्ट्रीज में रविवार (छुट्टी वाले दिन) शाम तेल की भट्ठी का ढक्कन टूटने से आग की लपटें बाहर आने से दो श्रमिक अनूप और रामबालक झुलस गए। दोनों को गंभीर हालत में अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
फैक्ट्री में वाहनों के पुराने टायरों को तेज आंच से पिघलाकर उसे तेल में परिवर्तित किया जाता है और बाद में इस तेल को बाहर भेजा जाता है। रविवार छुट्टी वाले दिन भी इस फैक्ट्री में काम चल रहा था। श्रमिक अनूप और रामबालक भठ्ठी के मुहाने पर तेल निकाल रहे थे। अचानक भट्ठी का ढक्कन टूट गया और उससे निकली तेज लपटों ने दोनों श्रमिकों को चपेट में ले लिया। मौके पर मौजूद दूसरे लोगों ने तत्परता दिखाकर आग बुझाई और उनकी गंभीर स्थिति देखते हुए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। बताया गया है कि दोनों श्रमिकों की हालत चिंताजनक है। हादसे की जानकारी मिलते ही डीएसपी जयपाल सिंह मौके पर पहुंचे और हालात का निरीक्षण किया। इस हादसे को लेकर पुलिस जांच के बाद कुछ जानकारी दे पाएगी।
रविवार के हादसे ने प्रशासन के उस दावे की पोल खोलकर रख दी, जो आशीष ऑयल मिल हादसे के बाद किया गया था। यह कहा गया था औद्योगिक विभाग उकलाना क्षेत्र के तमाम कारखानों की फिजिकल जांच करेगा। टायर कारखाने में छुट्टी वाले दिन काम होना और निर्धारित समय के बाद काम चलना साबित करता है कि कारखानों के मालिकों पर कानून का कोई खौफ नहीं है। सरकार कितने भी कड़े आदेश जारी करे, उनको कोई फर्क नहीं पड़ता।