अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
रिव्यू को लेकर दो दिन शहर में आ रहे सीएम मनोहर लाल खट्टर के आगमन की सूचना पर निगम अधिकारियों को पसीने छूट गए हैं। शहर के सबसे बड़े और विकास कार्यों से संबंधित 90 प्रतिशत प्रोजेक्ट नगर निगम के पास ही हैं। नगर निगम के अधिकारी इसको लेकर सीएम से पहले खुद ही रिव्यू करने में जुटे हैं। साथ ही पिछले दो दिन से कार्यों में भी पूरी तेजी दिखा रहे हैं। अधिकारी सीएम के समक्ष खुद को उनके द्वारा की गई घोषणाओं को गंभीरता से लेने का माहौल बनाया जाएगा।
नगर निगम कार्यालय में वीरवार देर रात तक अधिकारी कार्यालय में बैठे रहे। मीटिंग का दौर चलता रहा। हर एक प्रोजेक्ट के बारे में कमिश्नर अशोक बंसल, ईओ इंद्रजीत कुल्हड़िया, एसई रामजीलाल रिव्यू करते रहे। उन्होंने टेक्निकल स्टाफ सहित अन्य अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी।
गो अभयारण्य सहित पांच प्रोजेक्टों पर फोकस
निगम के पास सीएम एनाउंसमेंट के पांच बड़े प्रोजेक्ट हैं, जिनमें गो अभयारण्य, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट, डेयरी शिफ्टिंग, मल्टी स्टोरी पार्किंग, जहाजपुल चौक से बरवाला चुंगी तक फोरलेन। इनके अलावा बरवाला व नलवा हलके में जो शहर के अंदर कॉलोनियां आ रही हैं, उनमें सीएम एनाउंसमेंट से संबंधित विकास कार्य करवाने बारे हैं। इन पांच प्रोजेक्टों में से केवल एक पर काम चल रहा है। बाकी अभी एक तरह से शुरू भी नहीं हो पाए हैं।
सीएम एनाउंसमेंट संबंधित प्रोजेक्टों का रिव्यू किया जा रहा है। मीटिंग लगभग पूरे दिन ही चल रही थी। फैक्ट फाइल तैयार की जा रही है। किस प्रोजेक्ट में अभी तक क्या हो पाया है, इसकी स्टेटस रिपोर्ट लगभग तैयार है। -इंद्रजीत कुल्हड़िया, ईओ नगर निगम
देर रात तक सीएम एनाउंसमेंट करते रहे रिव्यू
- गो अभयारण्य, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट, डेयरी शिफ्टिंग, मल्टीस्टोरी पार्किंग है प्रमुख मुद्दे