अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन के सामने भरी सभा में 2 लाख फार्म छपवाने का दावा करने वाली याशी कंपनी ने हाथ खड़े कर दिए हैं। कंपनी के पास पीएमएवाई के लिए फार्म उपलब्ध नहीं हैं। पार्षदों ने इसको लेकर रोष जाहिर किया है। पार्षदों ने कहा कि जब तो मंत्री के सामने निगम अधिकारियों व कंपनी के पदाधिकारियों ने मिलकर खूब नंबर बनाए कि हमारे पास फार्मों की कोई कमी नहीं है। बाहर से किसी व्यक्ति को फार्म खरीदने की जरूरत नहीं मगर अब आपके पास हमें देने के लिए फार्म तक नहीं है।
पार्षदों को थमाए दस-दस फार्म
कंपनी के कर्मचारियों ने पार्षदों को दस दस फार्म थमाए हैं। पार्षदों ने कंपनी के कर्मचारियों को खूब खर-खरी सुनाई। उन्होंने मामले को लेकर कमिश्नर से भी मुलाकात करने का विचार किया। मगर कमिश्नर मौके पर कार्यालय में उपस्थित न होने के कारण मिल नहीं पाए।
अभी तक भरे जा चुके हैं 1 हजार के करीब फार्म
शहर में अभी तक 1 हजार के करीब प्रधानमंत्री व आवास योजना के अंतर्गत अलग-अलग स्कीमों के फार्म भरे जा चुुके हैं। इतने फार्म भरे जाने के साथ कि याशी कंपनी के पास फार्म का टोटा हो गया है। अभी तक तो वार्ड 18 व वार्ड 19 तथा वार्ड 20 में ही फार्म भरे गए हैं। बाकी वार्डों में तो सर्वे टीम गई ही नहीं है।
कंपनी के पास फार्म का टोटा है। मैंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भरे जाने वाले फार्म मांगे थे। कंपनी के कारिंदों ने केवल 10 फार्म उठाकर दे दिए। पहले मंत्री के सामने अधिकारियों ने कहा था कि पार्षदों को भी फार्म उपलब्ध करवाए जाएंगे, ताकि लोगों को परेशानी न हो। लोग हमारे घरों पर चक्कर लगा रहे हैं हमें फार्म तक नहीं मिल रहे।
-महेंद्र जुनेजा, पार्षद वार्ड 14
कंपनी के पास फार्मों की कमी है। 10 फार्म थमाकर कंपनी के फोटो कॉपी करवाने की बात कह रही है। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री के समाने तो बड़ी-बड़ी बातें हो रही थी अब कंपनी ने हाथ खड़े कर दिए। पार्षद अपने खर्चे पर फार्म फोटो कॉपी कर वार्ड में उपलब्ध करवा रहे हैं।
-कमला बंसल, पार्षद वार्ड 2
कंपनी के पास फार्म की कोई कमी नहीं है। एडवांस दस हजार चेक लिस्ट पड़ी हैं। वो वहीं दी जाएगी जहां फार्म भरे जाएंगे। लोग मिसयूज कर रहे हैं। पार्षदों को जितनी जरूरत है उस हिसाब से फार्म उपलब्ध करवाए जाएंगे।
-राहुल, प्रोजेक्ट हेड याशी कंपनी।
--------------------
पीएमएवाई के 2 लाख फार्म नहीं छाप पाई कंपनी, पार्षद करवा रहे फोटो कॉपी
मंत्री के सामने पीएमएवाई के 2 लाख फार्म छपवाने का दावा करने वाली कंपनी ने किए हाथ खड़े, पार्षद करवा रहे हैं फोटो कॉपी
-पार्षदों ने जताई आपत्ति