अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। एसडीएम परमजीत चहल ने रोडवेज यूनियन को र्हाईकोर्ट के आदेशों की प्रति दिखाते हुए निजी आपरेटर की बसें चलाने देने का अनुरोध किया। यूनियन ने निजी आपरेटर की एक भी बस को चलाने देने से इनकार कर दिया। मांग पूरी न होने पर यूनियन ने रविवार रात 12 बजे से चक्का जाम करने का एलान किया है।
एसडीएम परमजीत चहल शनिवार की शाम बस अड्डा परिसर पहुंचे। यहां रोडवेज जीएम खूबीराम कौशल, टीएम जितेंद्र यादव, आरटीए आफिस के असिस्टेंट सहित अन्य अधिकारियों के साथ मीटिंग की। जिसमें निजी आपरेटर की बसों को चलाने के बारे में मंथन किया। एसडीएम परमजीत ने रोडवेज यूनियन के पदाधिकारियों को बातचीत के लिए बुलाया। एसडीएम ने हाईकोर्ट के आदेशों की प्रति दिखाते हुए कहा कि निजी आपरेटर की बसों को चलाने में बाधा न बनें। ऐसा कर आप उच्च न्यायालय की अवमानना करेंगे। इस बारे में डीसी-एसपी को न्यायालय के साफ आदेश आए हैं। जिसमें बसों को चलाने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
रोडवेज यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हमें जो आश्वासन दिया था वह पूरा नहीं हुआ। सरकार अपना वादा पूरा करे। हम निजी बसों को नहीं रोक रहे। हम केवल रोडवेज की बसों को चलाना बंद करेंगे। इसमें उच्च न्यायालय की अवमानना कैसे हो जाएगी। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश स्तर पर रविवार रात 12 बजे से बसों की हड़ताल का फैसला लिया गया है। रोडवेज ज्वाइंट एक्शन कमेटी के वरिष्ठ सदस्य दलबीर किरमारा एवं रमेश सैनी ने कहा कि जींद में शुक्रवार को हुई आठों यूनियनों ने इस बात पर गहरा रोष जताया कि सरकार बार-बार समझौते से मुकर जाती है। 13 अप्रैल को हुई बातचीत में सरकार ने जो मांगे मानकर यूनियनों से समझौते किये थे, उनमें से एक भी समझौते पर सरकार खरी नहीं उतरी है। सरकार की नीति व नीयत में भारी खोट है।
यूनियन के पदाधिकारियों को बातचीत के लिए बुलाया गया था। यूनियन की ओर से रविवार रात 12 बजे बाद हड़ताल का फैसला लिया गया है। हम अपनी ओर से डिपो को सुचारु रूप से चलाने की कोशिश करेंगे।
केएम कौशल, जीएम, रोडवेज, हिसार।
सोमवार का प्रोग्राम बनाने से पहले सोचें...
अगर आप सोमवार को कहीं जाने का प्रोग्राम बना रहे हों तो पहले सोच लीजिए। अगर रविवार की रात से रोडवेज की हड़ताल हुई तो आपको दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में रेलवे को विकल्प के तौर पर अपना सकते हैं। रेल की समय सारिणी को जांचने के बाद अपना शेडयूल बनाएं।
आज रात 12 बजे से रोडवेज का चक्का जाम, संभलकर करें यात्रा
- हाईकोर्ट के आदेश दिखाते हुए एसडीएम बोले निजी आपरेटर को नहीं रोक सकते, यूनियन बोली हम तो रोडवेज रोकेंगे
-निजी आपरेटस की बसें चलाने का विरोध
- रोडवेज यूनियनों ने प्रदेश सरकार पर लगाया धोखा देने का आरोप