हिसार। किसान के खेत में चल रहे ट्यूबवेल की मोटर किस कारण से बंद हुई है, इसका किसान के मोबाइल पर वॉयस मैसेज आएगा। मोबाइल बोल कर बताएगा कि आपकी ट्यूबवेल की मोटर किस वजह से बंद हुई है। इसके अलावा यह भी पता चल जाएगा कि कहां पर क्या खराबी हुई है। इस मशीन का नाम है केविन टेक मोबाइल स्टार्टर मशीन।
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित खरीफ कृषि मेले में इस इस मशीन की पहली बार स्टॉल लगाई गई। स्टॉल का संचालन कर रही रीना बंसल ने बताया कि ये मशीन किसानों के लिए बहुत ही उपयोगी है। किसान ट्यूबवेल को चलाकर अपने खेत से बाहर जाकर अन्य कार्य कर सकता है। ट्यूबवेल बंद होते ही केविन टेक मोबाइल स्टार्टर मशीन के जरिये किसान को यह भी पता चल जाएगा कि ट्यूबवेल बंद हो गया है। ट्यूबवेल मोटर पर लोड पड़ रहा है। रीना बंसल ने बताया कि इससे पहले ये मशीन सिर्फ टैक्सट मैसेज ही भेजती थी। अब हाल ही में इसका अपडेट वर्जन तैयार किया गया है। हिसार के कृषि मेले में इसकी पहली बार स्टॉल लगी है। इस मशीन को लाभ उठाने के लिए इसको ट्यूबवेल की स्टार्टर मशीन के साथ जोड़ा जाएगा।
केविन टेक मोबाइल स्टार्टर से किसानों को होंगे ये फायदे
मोटर को जलने से बचाता है।
कहां पर क्या खराबी हुई है, इसका पता चल जाएगा।
घर बैठे ही मोटर को चालू या बंद कर सकते हैं।
मोटर चलने व मोटर बंद होने का समय का पता चलेगा।
मोटर चलाने का समय भी निर्धारित कर सकते हैं।
मोटर को खाली नहीं चलने देगा व मोटर पर लोड नहीं होने देगा।
किसान यहां से हासिल करें मशीन
हिसार आर्मी कैंट के दो नंबर गेट के सामने मस्त नाथ कॉलोनी से किसान केविन टेक मोबाइल स्टार्टर मशीन खरीद सकते हैं। मस्तनाथ कॉलोनी की दो नंबर गली में बनी केविन टेक फैक्टरी में इस मशीन का निर्माण किया जाता है। जिन किसानों ने कृषि मेले में इसका रजिस्ट्रेशन करवाया है, उनको ये सिर्फ 6500 रुपये में मिलेगी। सामान्य रूप से इसकी कीमत 7500 रुपये हैं।
किसान ऐसे लाएं प्रयोग
केविन टेक मोबाइल स्टार्टर मशीन को ट्यूबवेल मोटर के स्टार्टर से जोड़ा जाता है। इसके बाद किसान के मोबाइल नंबर को केविन टेक मोबाइल स्टार्टर मशीन में रजिस्टर्ड किया जाता है। रजिस्टर्ड होते ही मशीन कार्य कार्य करना शुरू कर देती है। किसान को अपना मोबाइल नंबर हर महीने 29 रुपये का रिचार्ज करवाना होता है।