अमर उजाला ब्यूरो
नारनौंद। उपमंडल के गांव पेटवाड़ में किसानों को बिजली के झंझट से छुटकारा दिलाने का एक सफल प्रयास पेटवाड़ की टीजी सोलर सप्लायर कंपनी कर रही है। कंपनी ने एक ऐसा सोलर पैनल तैयार किया है, जिसने किसानों की बिजली की समस्या को जड़ से खत्म कर दिया है। यह सोलर पैनल सिस्टम एक ऐसी तकनीक से तैयार किया गया है, जिससे किसानों के सोलर सिस्टम चोरी होने की समस्या दूर हो जाएगी। इस मोबाइल सोलर पैनल सिस्टम को पहली बार लेकर आई हिसार जिले के नारनौंद की एक कंपनी टीजी सोलर। फिलहाल कंपनी ने इसके पेटेंट की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह सोलर पैनल सिस्टम पेटवाड़ निवासी दो भाइयों प्रदीप कुमार व सतीश कुमार ने शुरू किया है। उन्होंने कहा कि सोलर पैनल के मामले में किसानों के सामने उसके चोरी होने की समस्या सबसे बड़ी थी, क्योंकि हर समय किसान खेत में नहीं रह सकता। किसान अपनी जरूरत के अनुसार इसे एक खेत से दूसरे खेत तक और घर तक ले जा सकते हैं।
नौ पैनल से 21 पैनल तक का मोबाइल सोलर सिस्टम
एक ट्रॉली में 9 पैनल से लेकर 21 पैनल तक का एक सोलर सिस्टम तैयार किया जाता है। हॉर्स पावर में यह 2 से 7.5 हॉर्स पावर तक का मोबाइल सोलर उपलब्ध है। किसान अपनी सुविधा और बिजली की जरूरत के अनुसार कम या ज्यादा पैनल का मोबाइल सोलर पैनल सिस्टम तैयार करवाकर खरीद सकता है। ट्रॉली समेत 2 हॉर्स पावर या 9 पैनल वाले मोबाइल सोलर और इसी प्रकार सबसे अधिक 21 सोलर पैनल या 7.5 हॉर्स पावर वाले सोलर सिस्टम तैयार किए जा रहे हैं।
मोबाइल सोलर पर लगी हैं स्लाइडिंग प्लेटें
यह मोबाइल सोलर एक ट्रॉली पर फिट किया गया है। एक लेयर में तीन सोलर प्लेट लगाई हुई हैं। इसी प्रकार दूसरी और तीसरी पर भी 3-3 सोलर प्लेटें लगी हुई हैं। ये लेयर स्लाइडिंग है, जिन्हें सुविधा अनुसार बाहर निकाला जा सकती हैं और यूज न होने पर अंदर की जा सकती हैं। 9 पैनल वाला मोबाइल सोलर तीन किलोवॉट की क्षमता वाला है, जिसमें खेत में तीन हॉर्स पावर तक कि मोटर या बिजली के उपकरण चलाए जा सकते हैं। इसी तरह 21 पैनल वाला मोबाइल सोलर 7.5 हॉर्स पावर वाले मोबाइल सोलर से सात हॉर्स पावर तक की मोटर या बिजली के उपकरण चलाए जा सकते हैं।
गांव-गांव जाकर कर रहे हैं जागरूक
गांव-गांव जाकर किसानों को मोबाइल सोलर पैनल के लिए जागरूक कर रहे हैं। मोबाइल सोलर हमारा 0.1 मॉडल है। अब इसमें और बदलाव करके आधुनिक बनाने के लिए काम शुरू किया हुआ है। इसके बाद 1.1 और 2.1 मॉडल तैयार किए जाएंगे।
-सतीश दहिया एवं प्रदीप दूहन, मालिक, टीजी सप्लायर्स कंपनी, पेटवाड़ हिसार