अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद जनस्वास्थ्य एवं आभियांत्रिकी विभाग ने गांव चौधरीवास स्थित जलघर के नाले की सफाई करवा दी है। ग्रामीणों के अनुसार जलघर के टैंकों और जलघर तक आने वाले नाले की वर्षों से सफाई नहीं हो पा रही थी। अमर उजाला ने ग्रामीणों की सफाई की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित कर विभाग का इस तरफ ध्यान दिलाया। इसके बाद अधिकारियों ने इस समस्या पर संज्ञान लिया। अब नाले की सफाई का कार्य करवा दिया है। ग्रामीण दानाराम, संदीप, सुखदेव, बलवान और सोनू ने बताया कि गांव में दो जलघर होने के बावजूद भी स्वच्छ पानी नहीं मिल पा रहा है। जलघर तक आने वाले नाले और जलघर की सफाई नहीं होने से गंदगी फैली हुई थी। जलघर के नाले में घास, कूड़ा-कर्कट, काई व झाड़ियां उग चुकी हैं। गंदगी के बीच में से वाटर वर्क्स में पानी डाला जाता था और वही गंदा पानी सप्लाई में दिया जाता था। इसकी वजह से जलघर में पानी के टैंकों में गंदगी मिल जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि अब नाले की सफाई का काम तो हो गया है और संबंधित विभाग से आशा है कि जलघर की सफाई भी जल्द ही कर दी जाएगी।