अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
सिरसा डिपो की एक बस हिसार बस अड्डे पर पहुंची तो कंडक्टर और सवारी के बीच हाथापाई हो गई। चालक बस को सवारियों सहित सिटी थाने ले पहुंचा। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद कंडक्टर ने सवारी को बकाया 300 रुपये दिए तो मामला निपटा।
रोडवेज डिपो की एक बस शुक्रवार को सिरसा से दिल्ली के लिए चली थी। बड़ोपल से बस में झज्जर के कुछ लोग और महिलाएं सवार हुईं। कपास की चुगाई करने के बाद अपने क्षेत्र झज्जर लौट रहे थे। झज्जर के लोग बस अड्डे पर उतरे। उनको यहां रेलवे स्टेेशन से रेवाड़ी वाली ट्रेन में सवार होना था। बस से उतरे एक युवक ने कंडक्टर को टिकट लौटाकर अपने बकाया 300 रुपये मांगे। बताया जाता है कि वहां कंडक्टर ने टिकट फाड़कर कहा कि वह बकाया रकम दे चुका है। इस बात को लेकर दोनों में हाथापाई शुरू हो गई। देखते ही देखते वहां हंगामा हो गया। चालक बस को सिटी थाने लेकर पहुंच गया। यह पता चलने पर कुछ कर्मचारी नेेता वहां पहुंच गए। कंडक्टर बकाया न होने की बात कहकर सवारी पर हाथापाई करने का आरोप लगा रहा था। वहां दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद मौजूद लोगों ने कंडक्टर से सवारी को 300 रुपये दिलवाए। उसके बाद मामले का निपटारा हो गया और दोनों पक्ष चले गए।
एक महीने में दूसरा मामला
रोडवेज में बकाया लौटाने को लेकर विवाद का एक माह में यह दूसरा मामला है। करीब दो सप्ताह पहले रोडवेज चालक ने अग्रोहा से हिसार आ रहे दो युवकों के 1960 रुपये नहीं लौटाए थे। इसके बाद युवकों को रोडवेज अधिकारियों तक गुहार लगानी पड़ी थी।