हिसार शहर में मिष्ठान विक्रेताओं से नमूने लेती डीएफएसओ डॉ. पवन चहल की टीम।
हिसार। खाद्य सुरक्षा विभाग ने छुट्टी के दिन रविवार को भी शहर में मिठाई बनाने और बेचने वाली जगहों का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी जगहों पर सफाई, मिठाइयों के भंडारण की व्यवस्था और मिठाइयों को बनाने में इस्तेमाल हो रहे उत्पादों का निरीक्षण किया। टीम का नेतृत्व जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. पवन चहल ने किया। उन्होंने दुकानदारों को किसी प्रकार की मिलावटी खाद्य सामग्री न बेचने के आदेश दिए। इस टीम ने कुल 10 जगहों का निरीक्षण किया। खोया, खोया से बनी बर्फी, पेड़ा, गुलाब जामुन, पेठा, रसगुल्ला, बेसन बर्फी सहित 14 सैंपल लेकर जांच के लिए लैब में भेजे। जांच रिपोर्ट आने पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2006 के तहत आगामी कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. पवन ने बताया कि अगर आम जनता को कहीं भी खाद्य पदार्थों में मिलावट लगती है तो वह fsohsrgmail.com पर ईमेल भेज सकते हैं। वह foscos पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस साल विभाग की ओर से लिए गए सैंपलों में से 64 सैंपल फेल पाए गए हैं जिन पर कोर्ट में केस दायर किए गए हैं।