हिसार। शिक्षा विभाग की ओर से जिले में मुख्यमंत्री विद्यालय सौंदर्यीकरण प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत खंड स्तर पर 14 सरकारी स्कूलों का चयन किया गया है, जोकि राजकीय उच्च विद्यालय व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक श्रेणी के स्कूल शामिल हैं। इनमें धान्सू, खांडाखेड़ी व बुगाना के तीन सरकारी स्कूल ऐसे हैं, जो बीते साल खंड स्तर पर विजेता रहे।
खंड स्तर पर बरवाला, बास, हिसार प्रथम, हिसार द्वितीय, नारनौंद व उकलाना के 14 सरकारी स्कूलों का चयन हुआ है। अब 28 दिसंबर तक जिला स्तरीय कमेटी राजकीय उच्च विद्यालय व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की श्रेणी में एक-एक टॉप विद्यालय का चयन करेगी, जो राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली मुख्यमंत्री विद्यालय सौंदर्यीकरण प्रोत्साहन पुरस्कार में शामिल होकर हिसार जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। कमेटी में अतिरिक्त उपायुक्त, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला वन अधिकारी व महिला एवं बाल विकास के कार्यक्रम अधिकारी शामिल हैं।
5.50 लाख रुपये का बजट होगा जारी
शिक्षा विभाग की ओर से बीते साल के तीन स्कूलों को छोड़कर चयनित 11 सरकारी स्कूलों को कुल 5.50 लाख रुपये का बजट जारी किया जाएगा। बरवाला, हिसार प्रथम व उकलाना खंड के चयनित 6 सरकारी स्कूलों को 3 लाख रुपये व बास, हिसार द्वितीय व नारनौंद खंड के 5 सरकारी स्कूलों को 2.50 लाख रुपये मिलेंगे।
प्रतिभागी विद्यालयों की सूची
खंड - वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय - उच्च विद्यालय
बरवाला : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नहर कोठी -राजकीय उच्च विद्यालय, बुगाना
बास : पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, उगालन व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, खांडाखेड़ी- राजकीय उच्च स्कूल, बड़छप्पर
हिसार प्रथम : राजकीय संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नलवा - राजकीय उच्च विद्यालय, भोजराज व राजकीय उच्च विद्यालय, धान्सू
हिसार द्वितीय : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, चौधरीवास - राजकीय कन्या उच्च विद्यालय, चौधरीवास
नारनौंद : राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, खेड़ी जालब- राजकीय उच्च विद्यालय, बुडाना
उकलाना : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बिठमड़ा - राजकीय उच्च विद्यालय, उकलाना
दो दिन के अंदर जिले स्तर पर विजेता रहे स्कूलों का चयन कर लिया जाएगा। हमारी तरफ से खंड स्तर पर 14 सरकारी स्कूलों का चयन कर लिया गया है। जिन्हें बजट अलॉट कर दिया जाएगा। हमारी तरफ से तैयारियां पूरी है। -
विजेंद्र सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी, हिसार प्रथम ब्लॉक।