अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। देशद्रोह और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत दर्ज केस नंबर- 428 और 443 में रामपाल की सोमवार को अदालत में वीसी के जरिये हाजिरी लगी। जेल नंबर-1 में लगी अदालत में दोनों केसों के बाकी आरोपियों को पेश करके हाजिरी लगाई गई, जबकि रामपाल सेंटर जेल नंबर-2 में वीसी के जरिये पेश हुए। वर्क सस्पेंड के चलते दोनों केसों में किसी की गवाही नहीं हो सकी और केस नंबर 428 में सुनवाई की अगली तारीख 15 मई और केस नंबर 443 में 26 मार्च निर्धारित की गई।
रामपाल की पेशी के चलते सोमवार को शहर में उसके समर्थकों की खासी भीड़ जुटी। टाउन पार्क, सेंट्रल जेल-1 के सामने के मैदान, क्रांतिमान पार्क, पुराना कचहरी रोड पर समर्थक भारी संख्या में जुटे। इस दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सभी स्थानों पर पुलिस तैनात रही। पुलिस ने टाउन पार्क से समर्थकों को खदेड़ दिया। उल्लेखनीय है कि केस नंबर-428 देशद्रोह, सरकारी काम में बाधा डालने आदि से जुड़ा है, जिसमें 900 से अधिक आरोपी हैं। केस नंबर 443 आवश्यक वस्तु अधिनियम का मामला है, जिसमें सतलोक आश्रम प्रकरण के दौरान आश्रम से आवश्यकता से अधिक गैस सिलिंडर बरामद हुए थे।
बार ने रखा वर्क सस्पेंड
जिला बार एसोसिएशन ने सोमवार को वर्क सस्पेंड रखा। पंचकूला में बार सदस्य के साथ कथित तौर पर किए गए अभद्र व्यवहार के विरोध में बार काउंसिल के आह्वान पर यह वर्क सस्पेंड रखा गया। इस दौरान बार अध्यक्ष प्रदीप बाजिया की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया, घटना की निंदा की गई और पंचकूला बार का समर्थन किया गया।