अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से 19 फरवरी को शुरू होने वाले ड्रग फ्री इंडिया अभियान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वीडियो कांफ्रेंसिंग से जुड़ेंगे। इस दौरान वह अपना संदेश उपस्थित लोगों को देंगे। इसके अलावा कॉमेडियन कपिल शर्मा, अभिनेता वरुण शर्मा और कार्तिक आर्यन भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। यह जानकारी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में दी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में सामाजिक एवं आध्यात्मिक संगठन आर्ट ऑफ लिविंग तथा इंटरनेशनल एसोसिएशन फॉर ह्यूमन वैल्यूज सहित कई संस्थाओं के प्रणेता श्रीश्री रविशंकर को विश्वविद्यालय द्वारा डॉक्टर ऑफ साइंस की मानद उपाधि भी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि श्रीश्री रविशंकर अब तक दुनिया के 155 देशों में करीब 370 मिलियन लोगों को खुशहाल जीवन जीने की राह दिखा चुके हैं।
3200 कॉलेजों में भी लाइव चलेगा कार्यक्रम
प्रो. टंकेश्वर कुमार ने बताया कि प्रदेश के 3200 महाविद्यालय भी इस कार्यक्रम को लाइव देखेंगे। इस दिन विश्वविद्यालय परिसर से नशा मुक्त भारत अभियान की शुरुआत होगी। इसलिए यह विश्वविद्यालय के लिए ही नहीं, बल्कि समूचे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण क्षण होगा। श्री श्री रविशंकर युवाओं को नशा मुक्त जीवन जीने की प्रेरणा देंगे तथा नशा न करने की शपथ भी दिलवाएंगे। उन्होंने बताया कि अब तक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव आर्य, मुख्यमंत्री मनोहर लाल और जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक की सहमति मिल चुकी है। इसके अलावा कई और खिलाड़ी व कलाकार भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।