अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) में नया प्रशासनिक एवं कुलपति भवन का निर्माण कार्य 50 करोड़ रुपये में किया जाएगा। यह निर्माण कार्य अपनी तय सीमा 21 माह में पूरा किया जाएगा। यह जानकारी रविवार को विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गुरदियाल सिंह ने दी। वे भवन के आधारशिला रखने के मौके पर आयोजित हवन यज्ञ में भाग ले रहे थे।
भवन की आधारशिला कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव डीएस ढेसी ने रखी। हवन में अतिरिक्त सहायक सचिव पशुपालन एसके गुलाटी, एचएयू के कुलपति डॉ. केपी सिंह ने भी आहुति डाली। इस भवन के निर्माण के साथ-साथ विश्वविद्यालय के डेयरी साइंस एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय, चारदीवारी एवं गेट का निर्माण भी किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सीएस डीएस ढेसी ने लुवास विश्वविद्यालय के नए प्रांगण में हो रहे अन्य भवन निर्माण कार्यों का भी दौरा किया और निर्माण की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने लुवास के नए प्रांगण में होने वाले निर्माण की प्रगति पर विश्वविद्यालय प्रशासन को बधाई दी।
ये होगा नए भवन में
इस अवसर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गुरदियाल सिंह ने बताया कि लुवास के नए प्रांगण का निर्माण विश्वस्तरीय होगा तथा तय अवधि में पूरा किया जाएगा। पूरा भवन वातानुकूलित होगा, जिसमें सोलर प्लांट का भी प्रयोग किया जाएगा। निर्माणाधीन प्रशासनिक भवन पांच मंजिला इमारत होगी, जिसमें विश्वविद्यालय प्रशासन के विभिन्न विभाग जैसे कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन, एसपीओ, सिक्योरिटी ऑफिस, कुलसचिव ऑफिस, छात्र कल्याण निदेशालय, डीन ऑफिस, अनुसंधान निदेशालय आदि ऑफिस स्थित होंगे।
ये रहे कार्यक्रम में उपस्थित
इस अवसर पर जिला प्रशासन के मुख्य अधिकारी आयुक्त डॉ. राजीव रंजन, उपायुक्त अशोक कुमार मीणा, पुलिस कप्तान शिव चरण अत्री, विश्वविद्यालय के पशु चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. दिवाकर शर्मा, अनुसंधान निदेशक डॉ. प्रवीन गोयल, कुलसचिव डॉ. हरीश कुमार गुलाटी, एचआरएम निदेशिका डॉ. निर्मल सांगवान, छात्र कल्याण निदेशक डॉ. त्रिलोक नंदा, मुख्य अभियंता एके मोदी आदि उपस्थित थे।