अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
एयरपोर्ट अॅथारिटी ने शुक्रवार को हिसार एयरपोर्ट में मीटिंग कर हवाई पट्टी के विस्तार कार्य का रिव्यू किया। मीटिंग में एयरपोर्ट की चहारदीवारी को लेकर भी रिपोर्ट मांगी गई है। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को 30 जून तक काम करने की डेडलाइन दी गई है।
सिविल एविएशन कमेटी के सदस्य कैप्टन आरपी सिंह, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन बीएस खोखर, बिजली निगम के एक्सईएन सतीश कुमार, पब्लिक हेल्थ के एसडीओ, हांसी की एसपी प्रतीक्षा गोदारा सहित अन्य बैठक में शामिल हुए। बैठक शुरू होते ही सिविल एविएशन के सदस्य कैप्टन आरपी सिंह ने कहा कि कोई भी अधिकारी मीडिया में जाकर कोई जानकारी नहीं देगा। किसी को इस बारे में अधिकार नहीं दिया गया है। अधिकारी कुछ न बताएं। बैठक में हैंगर पूरा होने के काम पर रिव्यू लिया गया। मीटिंग में पूछा कि चहारदीवारी के काम में देरी क्यों हो रही है। यह काम तय समय पर पूरा कराया जाए। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि 30 जून की डेडलाइन तक काम पूरा करें।
तीन हैंगर बनने का काम 90 प्रतिशत पूरा
हिसार एयरपोर्ट पर दो हैंगर हैं। तीन नए हैंगर बनाने का काम चल रहा है। इसमें 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, जिसमें हैंगर की छत बनाने का काम चल रहा है। यह काम इस महीने के अंत तक पूरा होने की संभावना है।
बिजली निगम शिफ्ट करेगा लाइन
बिजली निगम की ओर से एयरपोर्ट एरिया के अंदर से गुजर रही लाइनों को शिफ्ट किया जाना है। बिजली निगम की ओर से इन लाइनों को हटाने प्रस्ताव तैयार कर चुकी है। यह लाइन बदलने का काम अगले माह पूरा होने की उम्मीद है। एयरपोर्ट की हवाई पट्टी का विस्तार करने का काम अंतिम चरण में है। यह काम 30 जून तक पूरा हो चुका है। यहां कंकरीट डालने का काम पूरा हो चुका है। फिलहाल रोड रोलर चलाकर पट्टी को फाइनल टच देने का काम चल रहा है।
हैंगर तक पहुुंचने के लिए अलग रोड
नए बनाए गए तीन हैंगर तक एयर क्राफ्ट पहुंचाने के लिए अलग से सड़कों का निर्माण किया गया है। जो हवाई पट्टी जितनी चौड़ाई में ही होगी, यह काम इस महीने में पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए पीडब्ल्यूडी की ओर से डेडलाइन तक पूरा करने का भरोसा दिया गया है।
अगस्त में भी फ्लाइट उड़ने पर संशय
प्रदेश सरकार की ओर से जून माह में हिसार से फ्लाइट शुरू करने का फैसला लिया था। फिर से विस्तार देकर जुलाई कर दिया गया। तीसरी बार में इसे अगस्त कर दिया। अब इसमें कुछ और देरी होने की आशंका जताई जा रही है।