अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
गांव नंगथला के निवासी सोनी छाबा ने यूथ कॉमनवेल्थ के जूडो में गोल्ड मेडल हासिल किया है। इंग्लैंड के भामास में आयोजित यूथ कॉमनवेल्थ में इंडिया के चार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें हरियाणा से केवल सोनी छाबा ही थे।
इंग्लैंड के भामास में 17 से 20 जुलाई तक यूथ कॉमनवेल्थ गेम्स आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें भारत की ओर से चार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। हरियाणा की ओर से जूडो खिलाड़ी सोनी छाबा ने प्रतिनिधित्व किया। 73 किलोग्राम भार वर्ग में अपने सभी मुकाबले जीतते हुए सोनी छाबा ने गोल्ड मेडल हासिल किया। बारहवीं का स्टूडेंट सोनी छाबा मूल रूप से गांव नंगथला का निवासी है। पिछले कुछ समय से अपनी बुआ नीलम आर्य के पास रहता है। यहां रहकर जूडो की कोचिंग ले रहा है। नेशनल टीम में चयन होने के बाद पटियाला स्थित स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया में प्रेक्टिस की। जूडो फेडरेशन की ओर से सोनी छाबा का यूथ कॉमनवेल्थ में जाने का खर्च वहन किया गया। संदीप ने अपनी जीत का श्रेय डाइट एंड सप्लीमेंट कोच संदीप कुमार और सुरेंद्र सिंह को दिया। नीलम आर्य ने बताया कि सोनी 26 को हिसार लौटेगा। इससे पहले वह जूनियर, सब जूनियर, स्टेट और नेशनल चैंपियनशिप में कई मेडल हासिल कर चुका है। इंडिया के चारों खिलाड़ियों में केवल सोनी ने गोल्ड मेडल हासिल किया। अन्य तीनों खिलाड़ियों ने कांस्य पदक हासिल किए।
फोटो - 12
-इंग्लैंड के भामास में 17 से 20 तक आयोजित हो रहे यूथ कॉमनवेल्थ गेम्स