अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
अंधेरे का फायदा उठाकर बुजुर्ग और कमजोर लोगों का मुंह दबाकर स्नेचिंग कर शहर में दहशत फैलाने वाले चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक नशे के आदी हैं। नशे के लिए ये वारदात को अंजाम देते थे। शहर में अब तक ये 9 से अधिक वारदात कबूल चुके हैं। पकड़े गए युवकों में सैनियान मोहल्ला निवासी दीपक, नीरज उर्फ राजू निवासी वाल्मीकि मोहल्ला पुल तेलियान और गौरव निवासी टेकड़ा मोहल्ला मुल्तानी चौक, दीपक उर्फ मोंटी तकियान मोहल्ला पुल तेलियान निवासी हैं। पुलिस ने चारों युवकों को लूट की साजिश रचते कृष्णा नगर एरिया रेलवे लाइन के पास से गिरफ्तार किया है। इनके पास चाकू, डंडा, रॉड बरामद हुई है। चारों को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
सीआईए टू इंचार्ज कप्तान सिंह ने बताया कि गुप्ता सूचना मिली की कृष्णा नगर लाइनों के पास चार युवक लूट की फिराक में बैठे हैं। सीआईए की टीम कप्तान सिंह के नेतृत्व में जोरा सिंह, राजकुमार, देवेंद्र कुमार, अनिल सहित मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने चारों युवकों को काबू कर पूछताछ की तो युवकों ने सारे राज उगल दिए।
इंस्पेक्टर कप्तान सिंह ने बताया कि चारों युवक नशे के आदी हैं। ये रात के समय आठ से 11 बजे के बीच वारदात करते थे। सुनसान जगह पर ये व्यक्ति को अकेला पाकर पीछे से आकर उसका मुंह दबा लेते थे। सभी वारदात युवकों ने इसी अंदाज में की थीं। इनके टारगेट पर अकेला बुजुर्ग, कमजोर व्यक्ति होते थे। मुंह दबाने के बाद ये पीड़ित से रुपये और मोबाइल लूट लेते थे। पुलिस ने बताया कि कुछ दिन पहले लुटेरों ने देवेंद्र नामक व्यक्ति के साथ वारदात की थी। उन्होंने देवेंद्र का मुंह दबा दिया था। इसके चलते देवेंद्र की जान पर बन आई थी। वह बेहोश होकर वहीं गिर गया था। करीब दो घंटे बाद उसे होश आया था। देवेंद्र को वारदात के बाद बाहर पड़े हुए किसी ने देख लिया, वरना ऐसे हालात में उसके साथ बड़ी अनहोनी भी हो सकती थी।
ये वारदात कबूलीं
-21 जनवरी 2017 को ऋषि नगर से सेक्टर-14 की तरफ जाने वाले रास्ते पर टी प्वाइंट पर एक व्यक्ति से मोबाइल फोन और पर्स छीना।
-29 जनवरी 2017 को महाबीर कॉलोनी पास से एक व्यक्ति से एक मोबाइल और 1200 रुपये छीने।
-11 फरवरी 2017 ऋषि नगर से सेक्टर-14 की तरफ जाने वाले रास्ते पर टी प्वाइंट के पास से एक व्यक्ति से एक मोबाइल फोन, रुपये पर्स, एटीएम कार्ड छीना।
-4 अप्रैल 2017 को रेलवे स्टेशन से बाहर आते हुए एक व्यक्ति से एक मोबाइल फोन, 3200 रुपये छीने थे।
-29 मई 2017 को शांति नगर व एक अन्य व्यक्ति से लाहौरिया चौक के पास दो व्यक्तियों से दो मोबाइल छीने थे।
-10 मई को बख्शी नगर नजदीक गर्ल्स आईटीआई के पास एक व्यक्ति से 18000 रुपये छीने थे।
-30 मई 2017 को शांति नगर के पास एक व्यक्ति का परने से मुंह दबाकर एक मोबाइल, 1500 रुपये छीने थे। -1 जून को न्यू टाउन के पास मटका बेचने वाले एक व्यक्ति से एक मोबाइल, 15000 हजार रुपये छीने थे। - 8 जून को कृष्णा नगर की एक गली में अंधेरे में चूड़ी बेचने वाले व्यक्ति से मोबाइल, 1500 रुपये छीन लिए थे।
फोटो 29
नौ वारदात कबूलीं, नशे की आपूर्ति के लिए देते थे वारदात को अंजाम