अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। विंग कमांडर साहिल गांधी का पार्थिव शरीर वीरवार सुबह हिसार पहुंचेगा। उनके शव को हेलीकॉप्टर के जरिये लाया जाएगा और हिसार एयरपोर्ट या कैंट बेस कैंप में उतारा जाएगा। बुधवार दोपहर साहिल की पत्नी हिमानी अपने बेटे रियान के साथ यूके से हिसार पहुंच गई। साहिल के भाई नितिन गांधी अपनी पत्नी रिके के साथ स्विटजरलैंड से दोपहर बाद हिसार पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार साहिल गांधी का शव वीरवार सुबह 7:50 बजे हिसार एयरपोर्ट पर पहुंचने की संभावना है। हालांकि यदि एयरपोर्ट पर अधिक भीड़भाड़ होती है तो शव लाने वाले हेलीकॉप्टर को कैंट में भी उतारा जा सकता है। विधायक डॉ. कमल गुप्ता और डीसी अशोक कुमार मीणा शव पहुंचने के समय मौके पर मौजूद रहेंगे। इसके बाद विंग कमांडर साहिल गांधी के शव को उनके निवास स्थान पर लाया जाएगा और करीब नौ बजे तक सेक्टर 16-17 स्थित श्मशानघाट में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
पोस्टमार्टम की कार्रवाई में लगा समय
जानकारी के अनुसार साहिल का शव बुधवार को हिसार नहीं पहुुंच सका। इसका कारण बंगलूरू में उनके शव के पोस्टमार्टम की कार्रवाई में अधिक समय लगना बताया जा रहा है। पोस्टमार्टम के अलावा अन्य कई औपचारिकताओं के चलते बुधवार को शव लाने में दिक्कतें आईं। देर रात तक सारी औपचारिकताओं को पूरा कर लिया गया है और सुबह शव हिसार पहुंच जाएगा।
बंगलूरू में एयर शो के दौरान विमान हादसे में गई थी जान
उल्लेखनीय है कि बंगलूरू में 20 से 24 फरवरी तक एयर शो का आयोजना होना था। इसके चलते पूर्वाभ्यास चल रहा था। इसी अभ्यास के दौरान दो विमान आपस में टकरा गए, जिसमें दो पायलट घायल हुए थे और विंग कमांडर साहिल गांधी की मौत हो गई थी।
बेटे के इंतजार में पथरा गईं आंखें
दूसरी ओर साहिल के पिता और उनकी माता की अपने बेटे के अंतिम दर्शन करने के लिए आंखें पथरा गईं। बुधवार को भी उनकी आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। साहिल की माता डॉ. सुदेश गांधी बार-बार बेटे को याद कर कह रही थीं कि कब आएगा मेरा साहिल...। यह दृश्य देखकर परिवार को सांत्वना देने पहुंचे लोगों का दिल भी भर उठा।